हिमाचल डेस्क. अमृतसर (पंजाब) से आया एक पर्यटक अपनी बाइक से ब्यास नदी पुल से गुजर रहा था। तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और बाइक नीचे जा गिरी। बाइक सीधे नदी में गिरने के बजाय किनारे के दलदल में फंस गई। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दौड़कर बाइक सवार को बाहर निकाला। यदि बाइक मात्र एक मीटर और आगे गिरती तो शख्स नदी में जा गिरता और उसकी जान नहीं बचती।
हादसे की सूचना मिलते ही देहरा पुलिस भी मौके पर पहुंची। बाइक सवार को मामूली चोटें आई और उसे प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल देहरा ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि पर्यटक की स्थिति खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक सवार ने पुल पर अचानक नियंत्रण खो दिया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं तेज रफ्तार या सड़क पर किसी तकनीकी खराबी की वजह से यह दुर्घटना तो नहीं हुई।
बता दें दो दिन पहले भी इसी ब्यास पुल के समीप एक और बड़ा हादसा हुआ था, जब अनियंत्रित ट्रक सीधे होटल में घुस गया था। उस हादसे में होटल और बाहर खड़ी गाड़ियों को भारी नुकसान हुआ था। लगातार दो दिनों में इस क्षेत्र में हुए सड़क हादसों से स्थानीय लोग दहशत में हैं। लोगों का कहना है कि ब्यास पुल और इसके आसपास सुरक्षा प्रबंधों को और मजबूत किया जाना चाहिए। पुल पर सुरक्षा बैरियर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग तेज हो गई है। लोगों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

