Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल की ओर उमड़े पर्यटक, परवाणू टोल पर भारी जाम

परवाणू: बाहरी राज्यों में स्कूलों की छुट्टियां पड़ने और नववर्ष के आगमन को लेकर जश्न मनाने के उद्देश्य से हरियाणा,पंजाब, दिल्ली और उत्तराखंड से बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल प्रदेश का रुख कर रहे हैं। पर्यटकों की लगातार बढ़ती आमद से शिमला, चायल, कसौली सहित अन्य पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
पर्यटकों की अधिक संख्या के कारण परवाणू-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर स्थित परवाणू टोल प्लाजा के समीप रोजाना एक से दो किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा है। इससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वाहनों को टोल प्लाजा पार करने में 20 से 25 मिनट तक का समय लग रहा है। विशेष रूप से शनिवार को वीकेंड के चलते वाहनों का दबाव और अधिक देखने को मिला। सुबह से शाम तक टोल प्लाजा के दोनों ओर लंबी कतारें लगी रहीं और वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आए। नववर्ष के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए शहर में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। वहीं, परवाणू टोल प्लाजा पर भी पर्यटकों की भारी संख्या को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए टोल प्रबंधन ने पांच एंट्री लेन शुरू कर दी हैं, जिनमें से एक लेन विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश के वाहनों के लिए आरक्षित रखी गई है। इसके अलावा टोल प्लाजा पर केबिनों के साथ-साथ सड़क पर भी अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो वाहनों के पास जाकर अग्रिम पर्ची काटने का कार्य कर रहे हैं, ताकि जाम की स्थिति से जल्द निजात मिल सके। टोल प्लाजा के ठेकेदार रोबिन संधू ने बताया कि क्रिसमस और नववर्ष के दौरान यातायात में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई गई है, जिससे वाहनों को शीघ्रता से निकाला जा सके और पर्यटकों को अनावश्यक परेशानी न हो।

Exit mobile version