हिमाचल डेस्क: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नकरोड़-हिमगिरि डैम साइड सड़क पर एक ऑल्टो k10 कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, एचपी44ए-0494 नंबर की ऑल्टो कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिरने के बाद बैरासियूल नदी तक जा पहुंची। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान कार में सवार लोगों के शव आसपास बिखर गए।
बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक वाहन चालक का नियंत्रण कार से हट गया और यह बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसएचओ तीसा के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई और बचाव अभियान शुरू किया गया।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकालने, उनकी पहचान करने और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई है। दुर्घटना के कारणों की भी गहराई से जांच की जा रही है।