
शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो पुलिस जवानों की जान चली गई। टालैंड से खलीनी रोड के पास एक टैंकर और ऑल्टो कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में हेड कांस्टेबल प्रवीण मेहता और कांस्टेबल हेमंत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों जवान पुलिस लाइन कैथू में तैनात थे और ड्यूटी से संबंधित कार्य के दौरान कार में सवार थे।
हादसा उस समय हुआ जब HP 52A-2767) आल्टो कार और एक टैंकर HP 92A-9229) के बीच हुई टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों पुलिस कर्मियों ने दम तोड़ दिया। मृतक हेड कांस्टेबल प्रवीण मेहता शिमला जिला के रामपुर उपमंडल के ननखड़ी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। उनकी ससुराल मंडी जिला के धर्मपुर क्षेत्र के सरी गांव में है। वहीं, कांस्टेबल हेमंत कुमार की मौत से भी पुलिस विभाग और उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और टैंकर चालक से भी पूछताछ की जा रही है। टालेंड में हादसे के वक्त कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई लेकिन जल्द ही क्रेन बुलाकर वाहनों को सड़क से हटा दिया गया जिस यातायात सुचारू हो गया।
इस दुखद हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। अधिकारियों ने दोनों जवानों के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।फिलहाल पुलिस टीम हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है जांच के बाद हो पता चल पाएगा कि हादसे की असल वजह क्या थी।इस हादसे में पुलिस विभाग ने अपने दो होनहार कर्मचारियों को खो दिया है जिससे पूरा महकमा शोक में है।पुलिस जवानों की दुखद मौत की खबर के बाद दोनों के गृह क्षेत्रों में शोक की लहर है। पोस्ट मॉर्टम के बाद दोनों के शवों को परिवार को सौंप दिया जाएगा।
📍 Location: शिमला (शिमला)