Site icon Dainik Savera Times

मनाली में ट्रैकिंग के दौरान हादसा: मझाच नाले में बहने से ट्रैकर की मौत, व्यास नदी किनारे मिला शव बरामद

कुल्लू: 25 जुलाई को दोपहर के समय 10 ट्रैकर्स का एक दल शनाग एवं मझाच (Majhach) क्षेत्र से ऊपर पहाड़ी की ओर ट्रैकिंग के लिए गया था। ट्रैकिंग पूरी करने के बाद वापसी के दौरान दल के टीम लीडर धनंजय वर्मा, पुत्र राजेश वर्मा, निवासी उधमपुर, जम्मू, मझाच नाले को पार करते समय अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना मनाली से पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना की गई। इसके साथ ही सोलंगनाला में तैनात SDRF की टीम को भी खोज एवं बचाव अभियान के लिए बुलाया गया। रात्रि के समय NDRF की टीम भी मौके पर पहुंची, जिसके बाद पुलिस, SDRF एवं NDRF द्वारा पूरी रात संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

आज सुबह वशिष्ठ के समीप व्यास नदी के किनारे उक्त युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान उसके भाई कनव वर्मा द्वारा की गई। इसके उपरांत NDRF एवं SDRF की टीमों की सहायता से शव को व्यास नदी से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

डीएसपी के. डी. शर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई एवं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत शव परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है। जिला पुलिस कुल्लू आम नागरिकों एवं पर्यटकों से अपील करती है कि मानसून के दौरान नदी-नालों एवं पहाड़ी क्षेत्रों में अत्यधिक सतर्कता बरतें तथा तेज बहाव वाले जल स्रोतों को पार करने का प्रयास न करें।

📍 Location: मनाली (Kullu)

Exit mobile version