Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्कूल में प्रताड़ना से परेशान 11वीं के छात्र ने फंदा लगा कर दी जान

June 24, 2026

स्कूल में प्रताड़ना से परेशान 11वीं के छात्र ने फंदा लगा कर दी जान

सुजानपुर : उपमंडल की ग्राम पंचायत पटलानदर में 16 वर्षीय 11वीं के छात्र (16) द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह परिजन छात्र के कमरे गए तो छात्र को फंदे से लटका हुआ देखा। शव के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें छात्र ने अपनी मौत के लिए एक निजी शिक्षण संस्थान को जिम्मेदार ठहराया है। सुसाइड नोट में छात्र ने आरोप लगाया है कि स्कूल की ओर से उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने शव डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।घटना के बाद छात्र के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में लोग संबंधित निजी स्कूल के कार्यालय पहुंचे और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि संस्थान में छात्रों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा स्कूल की मान्यता तत्काल प्रभाव से रद करने की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि छात्र की मृत्यु के बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से परिवार के प्रति कोई संवेदना व्यक्त नहीं की गई। उनका कहना था कि पोस्टमार्टम के दौरान भी स्कूल का कोई प्रतिनिधि उपस्थित नहीं था। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा। परिवार मूल रूप से कांगड़ा जिले के भलूंदर गांव का रहने वाला है और पिछले करीब छह वर्षों से पटलांदर में किराये के मकान में रह रहा है। छात्र के पिता सेल्समैन हैं, जबकि उसकी माता सिलाई-कढ़ाई का कार्य करती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें