Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

डलहौजी में 4 किलो 664 ग्राम चरस के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

March 7, 2026

डलहौजी में 4 किलो 664 ग्राम चरस के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

डलहौजी : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डलहौजी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उप पुलिस अधीक्षक (एसडीपीओ) डलहौजी मयंक शर्मा के नेतृत्व में एसडीपीओ कार्यालय तथा पुलिस चौकी बनीखेत की संयुक्त टीम ने लाहड़ क्षेत्र में गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की। चेकिंग के दौरान अस्थायी नंबर की एक टैक्सी में सवार दो व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर वाहन को रोका गया।

पूछताछ में उनकी पहचान राम दयाल पुत्र मान सिंह तथा बालक राम पुत्र हीरा लाल,दोनों निवासी गांव भराडा, डाकघर टिकरीगढ़, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई संदेह के आधार पर मादक पदार्थ निरोधक अधिनियम के प्रावधानों के तहत विधिवत प्रक्रिया अपनाते हुए वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 4 किलोग्राम 664 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामद चरस को मौके पर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलकर सील किया गया तथा स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में विधिवत कब्जे में लिया गया।

इस संबंध में थाना डलहौजी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 25 एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और किसे सप्लाई किया जाना था पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें