Site icon Dainik Savera Times

UILS के विद्यार्थियों ने चंडीगढ़ यूथ सर्किट एमयूएन में लहराया परचम, जीता सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधिमंडल का खिताब

शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज (UILS) के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, तार्किक क्षमता और नेतृत्व कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया है। पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में चंडीगढ़ यूथ सर्किट की ओर से आयोजित पीयू एमयूएन एवं यूथ पार्लियामेंट-2026 में यूआईएलएस के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधिमंडल (बेस्ट डेलीगेशन) का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। सम्मेलन में विद्यार्थियों ने विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार हासिल कर अपनी शैक्षणिक दक्षता, वाद-विवाद कौशल और समसामयिक मुद्दों की समझ का परिचय दिया।

सम्मेलन के दौरान यूआईएलएस के विद्यार्थियों ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी), अखिल भारतीय राजनीतिक दलों की बैठक (एआईपीपीएम), लोकसभा और अंतरराष्ट्रीय प्रेस सहित विभिन्न मंचों पर प्रभावशाली प्रदर्शन किया। यूएनएचआरसी श्रेणी में कनिका शर्मा ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया, जबकि श्रेया मोहन शर्मा को ऑनरेबल मेंशन प्रदान किया गया।

एआईपीपीएम श्रेणी में आयुष मलिक ने हाई कमेंडेशन का पुरस्कार प्राप्त किया। इसी श्रेणी में आयुष बंसल को ऑनरेबल मेंशन मिला, जबकि कनिष्क राणा और सिया मान को उनके प्रदर्शन के लिए वर्बल मेंशन से सम्मानित किया गया। लोकसभा श्रेणी में ज्योति ने ऑनरेबल मेंशन हासिल कर संस्थान की उपलब्धियों में एक और कड़ी जोड़ी।

अंतरराष्ट्रीय प्रेस श्रेणी में भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पत्रकारिता के क्षेत्र में आइशा सिंह को प्रतिष्ठित गोल्डन इंक अवॉर्ड और उदय सिंह चंदेल को सिल्वर इंक अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वहीं, फोटोग्राफी श्रेणी में निश्‍चय गुलेरिया ने ऑनरेबल मेंशन प्राप्त किया। इन उपलब्धियों ने सम्मेलन में यूआईएलएस के प्रतिनिधिमंडल की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

इस सम्मेलन के लिए उदय सिंह चंदेल और आयुष मलिक का कैंपस एंबेसडर के रूप में चयन भी संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि रहा। दोनों विद्यार्थियों ने सम्मेलन में छात्र समन्वयक की जिम्मेदारी भी निभाई। सम्मेलन में शानदार प्रदर्शन के बाद यूआईएलएस के विद्यार्थी प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान के निदेशक प्रो. शिवकुमार डोगरा और अन्य शिक्षकों के साथ हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह से मुलाकात की। कुलपति ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता को संस्थान के लिए गर्व का विषय बताया।

यूआईएलएस के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच और बहुआयामी व्यक्तित्व विकास की दिशा में हो रहे प्रयासों को भी दर्शाती है। सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधिमंडल का खिताब जीतकर विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय और हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version