Site icon Dainik Savera Times

गायनी ओपीडी शिफ्टिंग पर बवाल, महिलाओं की पुलिस से धक्का-मुक्की

शिमला: कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) से स्त्री रोग विभाग की बाह्य रोगी सेवाएं इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में स्थानांतरित करने के फैसले को लेकर राजधानी में मंगलवार को बवाल हो गया। फैसले के विरोध में अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिमलैंड से छोटा शिमला स्थित सचिवालय तक पैदल मार्च किया। सचिवालय के बाहर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे।

इस दौरान महिलाओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाकर सड़क पर धरना दे दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं के सड़क पर बैठने से परिपत्र मार्ग पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात रहा।

महिला समिति करीब पांच-छह महीने से केएनएच की स्त्री रोग संबंधी बाह्य रोगी सेवाओं को आईजीएमसी में स्थानांतरित करने का विरोध कर रही है। समिति की प्रदेश महासचिव फालमा चौहान ने कहा कि केएनएच में महिलाओं को एक ही परिसर में जांच, उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती हैं। सेवाएं आईजीएमसी में जाने से गर्भवती महिलाओं और दूरदराज से आने वाले मरीजों की दिक्कत बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी में पहले ही रोजाना तीन हजार से अधिक मरीज बाह्य रोगी विभाग में पहुंचते हैं। ऐसे में वहां अतिरिक्त भार डालना उचित नहीं है।

Exit mobile version