VHP Launches Himachal Membership Drive on November 22 : कुल्लू। प्रदेश भर में पांच लाख से अधिक सदस्यता करने का लक्ष्य विश्व हिंदू परिषद द्वारा हित चिंतक अभियान चलाया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद के द्वारा चलाए जा रहे हित चिंतक अभियान की शुरुआत हिमाचल में भी होने जा रही है।
22 नवंबर से शुरू होने वाला यह अभियान 6 दिसंबर तक चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य हिंदू संगठन को मजबूत करना, सामाजिक एकता बढ़ाना तथा गौ, संस्कृत और वेद से जुड़े कार्यों को बढ़ावा देना है। कुल्लू में पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री एडवोकेट तुषार डोगरा ने कहा कि प्रदेश के 27 संगठनात्मक जिलों के माध्यम से लोगों को विश्व हिंदू परिषद के साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इसके लिए विश्व हिंदू परिषद के लोग इस निर्धारित समय के दौरान धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, नेताओं, रामलीला कमेटी, जागरण कमेटी, व्यापार मंडल के अलावा अन्य सामाजिक संगठनों के लोगों से बातचीत कर उन्हें अपने साथ जोड़ेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार प्रदेश भर में पांच लाख से अधिक सदस्यता करने का लक्ष्य रखा गया है।

