Site icon Dainik Savera Times

Shahpur निवासी वाइस एडमिरल Lochan Singh Pathania बने भारत सरकार के चीफ हाइड्रोग्राफर

शाहपुर/कांगड़ा : हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के शाहपुर कस्बे के निवासी लोचन सिंह पठानिया भारतीय नौसेना में दूसरे सर्वोच्च पद वाइस एडमिरल पर पहुंच गए हैं। अभी तक वह नैशनल हाईडोग्राफिक ऑफिस देहरादून में रीयर एडमिरल के पद पर सेवाएं प्रदान कर रहे थे। भारतीय नौसेना की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एक फरवरी को उन्होंने भारत सरकार के चीफ हाइड्रोग्राफर के रूप में पदभार संभाल लिया है। नगर पंचायत शाहपुर के वार्ड पांच निवासी सेवानिवृत्त अध्यापक प्रेम सिंह पठानिया के घर सबसे बड़े बेटे के रूप में जन्मे लोचन सिंह की प्रारंभिक शिक्षा राजकीय प्राथमिक स्कूल शाहपुर से शुरू हुई थी।

सैनिक स्कूल कपूरथला से पढ़ाई के बाद वह भारतीय नौसेना में चले गए। भारतीय नौसेना में वाइस-एडमिरल का पद सेना में लेफ्टिनेंट जनरल और वायुसेना में एयर मार्शल के बराबर होता है। लोचन सिंह पठानिया में पहली जुलाई, 1990 में नौसेना में कमीशन प्राप्त किया। नौसेना अकादमी से स्नातक की डिग्री प्राप्त करने के बाद इंटरनेशनल मैरीटाइम अकादमी ट्राइस्ले, इटली से, डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज वेलिंगटन से, कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट सिकंदराबाद कोर्स किया। इन्होंने मद्रास विश्वविद्यालय में रक्षा और सामरिक अध्ययन में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की। वाइस एडमिरल लोचन सिहं पठानिया को समुद्री परिसीमन से सम्बिन्धत अंतर्राष्ट्रीय समुद्री कानूनों की विशेषज्ञता भी हासिल है।

Exit mobile version