रिहाली मेले से सजी लोक संस्कृति, विक्रमादित्य बोले—परंपराएं संजोना जरूरी
August 16, 2026
Vikramaditya said—It is essential to cherish traditions : शिमला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने देवठी-शिलाघुंड में आयोजित रिहाली मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक समृद्धि, आपसी भाईचारे और पारंपरिक लोक विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के सड़क विकास कार्यों और प्रशासनिक समस्याओं के समाधान का भरोसा भी दिलाया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जमीनी समस्याओं के साथ-साथ प्रशासनिक समस्याओं की भी जानकारी मिली है। वर्तमान में विभिन्न विभागों के डिविजन अलग-अलग प्रशासनिक क्षेत्रों में होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इन समस्याओं को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करवाने और मुख्यमंत्री से विशेष रूप से चर्चा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि समग्र विकास के लिए मजबूत और सुव्यवस्थित प्रशासनिक ढांचा आवश्यक है। प्रयास रहेगा कि क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्थित किया जाए, जिससे कि लोगों को अपने कार्यों के लिए अलग-अलग स्थानों के चक्कर न काटने पड़ें।
उन्होंने कहा कि चौपाल विधानसभा क्षेत्र के लिए करीब 130 करोड़ रुपये की सहायता सड़क निर्माण पर खर्च किए जा रहे है। इसमें करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बागड़ी लिंक रोड का निर्माण शामिल है। इसकी सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं तथा टेंडर और अवार्ड की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। करगोली नाला से चंबल सड़क 10 करोड़ रुपए, कुठार – कनौरी 9.5 करोड़ रुपए तथा बासाधार ज्ञानकोट सड़क 9.7 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि छैला-सैंज-नेरी पूल-यशवंत नगर रोड के लिए 239 करोड़ रुपए स्वीकृत हो चुके है। इसके लिए सारी औपचारिकताएं पूरी की जा रही है।