Last Updated: November 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

मंडी में विकसित भारत चैलेंज ट्रैक आयोजित

November 24, 2026

मंडी में विकसित भारत चैलेंज ट्रैक आयोजित

Viksit Bharat Challenge Track Held in Mandi : मंडी। मंडी में आयोजित विकसित भारत चैलेंज ट्रैक में युवाओं ने राष्ट्र निर्माण को लेकर अपने विचार और नवाचार प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रेजेंटेशन राउंड के लिए किया जाएगा।

 

कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त मंडी प्रियांशु खाती ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में विभिन्न चरणों को पार कर पहुंचे प्रतिभाशाली युवा प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए। उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता के प्रथम दो चरणों में प्रतिभागियों ने क्विज प्रतियोगिता सहित विभिन्न प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा, ज्ञान और विचार क्षमता का प्रदर्शन किया था। इन चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को चैलेंज ट्रैक के लिए चयनित किया गया।

चैलेंज ट्रैक के दौरान प्रतिभागियों ने अपने विचारों, नवाचारों और विकसित भारत के संकल्प पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। इस चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष छह प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय पीपीटी (प्रेजेंटेशन) राउंड के लिए किया जाएगा। राज्य स्तरीय पीपीटी राउंड में प्रदेशभर के प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष पांच प्रतिभागियों को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के साथ-साथ नेतृत्व कौशल विकसित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।

उन्होंने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, नवाचार, संवाद कौशल और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, ताकि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवा अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। मेरा युवा भारत, जिला मंडी द्वारा युवाओं को ऐसे अवसर एवं मंच उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे वे अपनी प्रतिभा, नवाचार और विचारों के माध्यम से देश के विकास में योगदान दे सकें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें