Site icon Dainik Savera Times

माय भारत सेवा पखवाड़े में थासीभ्रा गांव में चला स्वच्छता अभियान

Villagers Join Hands for a Cleaner Village : कुल्लू। माय भारत सेवा पखवाड़े के तहत थासीभ्रा गांव में बिजलेश्वर युवक मंडल ने ग्रामीणों के सहयोग से स्वच्छता अभियान चलाया। युवाओं और ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान कर रास्तों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई की। इस दौरान कूड़ा-कचरा, झाड़ियां और बंद नालियों को साफ कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।

यह अभियान मेरा युवा भारत कुल्लू (हि०प्र०), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित किया गया । इस अभियान के दौरान युवक मण्डल के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान करते हुए गाँव के रास्तों, नालियों एवं आसपास के सार्वजनिक स्थानों की सफाई की । रास्तों पर फैले कूड़ा-कचरे के साथ कांटों एवं झाड़ियों को हटाया गया। वहीं, कचरे के कारण बंद पड़ी नालियों की सफाई कर पानी की निकासी को भी सुचारू किया।

बिजलेश्वर युवक मण्डल के अध्यक्ष ने बताया कि पिछले कुछ समय से गाँव के विभिन्न स्थानों पर कूड़ा-कचरा जमा होने तथा नालियों के बंद होने के कारण ग्रामीणों एवं राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था । इसी समस्या के समाधान और माय भारत सेवा पखवाड़ा को जनसेवा एवं जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से युवक मण्डल ने विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित करने का निर्णय लिया । अभियान को सफल बनाने के लिए युवक मण्डल के सदस्यों ने गाँव के प्रत्येक घर में जाकर ग्रामीणों से अभियान में शामिल होने का आग्रह किया।

युवक मंडल की इस पहल पर ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक सहयोग दिया और बड़ी संख्या में लोग स्वच्छता अभियान में शामिल हुए । सामूहिक प्रयास से गाँव के रास्तों एवं नालियों से गंदगी हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया । इस अवसर पर बिजलेश्वर युवक मण्डल के सदस्यों ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया । उन्होंने कहा कि माय भारत सेवा पखवाड़ा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं एवं समाज को सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का अवसर है।

यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, गली और गाँव की स्वच्छता की जिम्मेदारी स्वयं उठाए, तो स्वच्छ एवं सुंदर समाज का निर्माण किया जा सकता है । उन्होंने लोगों से अपील की कि कूड़ा-कचरा रास्तों, नालियों एवं सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय योगदान दें । इस अभियान में बिजलेश्वर युवक मण्डल थासीभ्रा कुल्लू के अध्यक्ष संजय कुमार, उपाध्यक्ष रोहित, सचिव पुनीत, वित्त सचिव मोहित, सदस्य उत्तम चंद, नरेंदर कुमार, सुमित, चुनी लाल, नरेश कुमार, पदम सिंह और निशांत कुमार उपस्थित रहे ।

Exit mobile version