कुल्लूः जिला कुल्लू की पार्वती घाटी की भुंतर मणिकर्ण सड़क की बदहाली को लेकर मंगलवार को ढालपुर में सैकड़ो ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। तो वही इस दौरान उन्होंने एडीएम कार्यालय के बाहर लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता का भी घेराव किया। ग्रामीणों के भारी प्रदर्शन को देखते हुए एडीएम कुल्लू सुरजीत सिंह अपने कार्यालय से बाहर निकले और उन्होंने ग्रामीणों के साथ बात की। ऐसे में 25 दिन के भीतर भुंतर मणिकर्ण सड़क की मरम्मत कार्य शुरू होने का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन वापस लिया। वहीं इस दौरान भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
भुंतर से मणिकर्ण सड़क की बदहाली को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों को प्रदर्शन में आने की अपील की जा रही थी। ऐसे में मंगलवार को सैकड़ो ग्रामीण प्रदर्शन करते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे और वहां पर सरकार तथा लोक निर्माण विभाग के खिलाफ भी नारेबाजी की। वही डीसी के उपस्थित न होने पर सभी ग्रामीण एडीएम कार्यालय पहुंचे। जहां पर एडीएम के द्वारा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया। लेकिन ग्रामीण लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के द्वारा दिए गए जवाब से संतुष्ट नहीं थे। उसके बाद सभी ग्रामीण मिलकर एडीएम कार्यालय के बाहर धरने प्रदर्शन पर बैठ गए। जिसके चलते यहां पर पुलिसकर्मी और ग्रामीणों के बीच भी तनातनी का माहौल बना रहा।
ग्राहण गांव से आई महिला मंडल की प्रधान हीरा ठाकुर ने बताया कि मणिकर्ण सड़क की हालत इतनी खराब है कि यहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। हालांकि पहले भी कई बार ग्रामीणों ने सड़क की हालत को ठीक करने के लिए प्रशासन को पत्र लिखे थे। लेकिन उस पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में अब प्रशासन के द्वारा 25 दिन का आश्वासन तो दिया गया है। लेकिन जो बजट की बात प्रशासन के द्वारा की जा रही है। उससे यह कार्य होना संभव नहीं है। ऐसे में प्रशासन को चाहिए कि वह अतिरिक्त बजट का भी प्रावधान करें।
मणिकर्ण घाटी के स्थानीय निवासी घनश्याम का कहना है कि मणिकर्ण घाटी में कई बिजली प्रोजेक्ट चल रहे हैं और यहां पर लाडा के साथ-साथ साडा का भी करोड़ों रुपए का फंड है। लेकिन प्रशासन और सरकार उस फंड को मणिकर्ण घाटी में खर्च न कर कहीं और खर्च कर रही है। ऐसे में अगर लाडा के फंड से मणिकर्ण घाटी की सड़कों की हालत सुधारी जाए तो इससे ग्रामीणों को काफी फायदा होगा। प्रशासन को इस पर भी विचार करना चाहिए।
पूर्व पंचायत प्रधान नीरज शर्मा ने बताया कि प्रशासन के द्वारा 25 दिनों के भीतर सड़क की हालत सुधारने का आश्वासन दिया गया है। ऐसे में अगर सड़क की हालत सुधरती है। तो इससे किसानों और बागवानों को भी काफी फायदा होगा और जो हजारों सैलानी यहां घूमने आते हैं। उन्हें भी काफी सुविधा मिलेगी। मंगलवार को हजारों लोगों ने ढालपुर में धरना प्रदर्शन किया है। ऐसे में अगर प्रशासन के द्वारा 25 दिन के भीतर इस सड़क की हालत नहीं सुधारी गई। तो फिर से ढालपुर में ग्रामीण आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
📍 Location: Kullu, हिमाचल प्रदेश/ (Kullu)

