Last Updated: September 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

भाजपा नेताओं ने विनय गुप्ता की सेवाओं को किया याद

September 18, 2026

भाजपा नेताओं ने विनय गुप्ता की सेवाओं को किया याद Vinay Gupta’s services remembered : शिमला। सिरमौर भाजपा के वरिष्ठ, समर्पित और कर्मठ नेता विनय गुप्ता के निधन पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने उनके निधन को अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक बताते हुए कहा कि विनय गुप्ता का जाना न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे भाजपा संगठन और सिरमौर जिले के लिए अपूरणीय क्षति है। डॉ. बिंदल ने कहा कि विनय गुप्ता के निधन का समाचार सुनकर मन अत्यंत व्यथित है। यह विश्वास करना कठिन है कि संगठन के प्रति सदैव समर्पित रहने वाला एक आत्मीय साथी अब हमारे बीच नहीं रहा। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से भी एक बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि विनय गुप्ता लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों के बावजूद संगठन के प्रति उनका समर्पण और कार्यकर्ताओं से आत्मीय जुड़ाव कभी कम नहीं हुआ। वे निरंतर संगठन की गतिविधियों से जुड़े रहे और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते रहे। डॉ. बिंदल ने कहा कि विनय गुप्ता का व्यक्तित्व अत्यंत सरल, सहज और आत्मीय था। वे प्रत्येक कार्यकर्ता से पूरे अपनत्व के साथ मिलते थे। उनके व्यवहार में विनम्रता और समाज के प्रति गहरी संवेदनशीलता थी। संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज की सेवा के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि विनय गुप्ता जैसे समर्पित कार्यकर्ता ही किसी संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं। उनका निष्ठापूर्ण जीवन, संगठन के प्रति प्रतिबद्धता और सेवाभाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा। उनके निधन से सिरमौर भाजपा ने एक अनुभवी और समर्पित साथी खो दिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें