Site icon Dainik Savera Times

विपिन सिंह परमार ने धर्मशाला विधानसभा के शीतकालीन सत्र को बताया निराशाजनक, कांग्रेस सरकार से चार साल की उपलब्धियों का मांगा हिसाब

पालमपुर। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं सुलह विधानसभा क्षेत्र से विधायक विपिन सिंह परमार ने धर्मशाला में आयोजित विधानसभा के छह दिवसीय शीतकालीन सत्र को निराशाजनक बताते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने सदन के भीतर भी वही रवैया अपनाया, जो वह पिछले चार वर्षों से प्रदेश की जनता के साथ अपनाती आ रही है। जनता को गुमराह करना, विपक्ष के सवालों से बचना और अपनी नाकामियों पर पर्दा डालना ही इस सरकार की कार्यशैली बन चुकी है।

विपिन सिंह परमार ने कहा कि छह दिनों तक चले इस सत्र में कांग्रेस सरकार प्रदेश के भविष्य को लेकर कोई नई सोच, कोई ठोस योजना और कोई ऐसी उपलब्धि सामने नहीं रख पाई, जिससे प्रदेशवासियों को आशा की नई किरण दिखाई देती। सदन में विपक्ष द्वारा उठाए गए जनहित के सवालों का तथ्यात्मक एवं संतोषजनक उत्तर देने के बजाय सरकार ने केवल बयानबाजी और भ्रम फैलाने का प्रयास किया। प्रदेश की जनता को उम्मीद थी कि इस सत्र में बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक बदहाली, बंद पड़े संस्थानों, विकास कार्यों और कर्मचारियों से जुड़े विषयों पर सरकार कोई ठोस रोडमैप प्रस्तुत करेगी, लेकिन सरकार के पास इन समस्याओं का कोई प्रभावी समाधान नजर नहीं आया।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश आज गंभीर आर्थिक चुनौतियों से गुजर रहा है। प्रदेश पर बढ़ता कर्ज, कमजोर होती वित्तीय स्थिति, विकास कार्यों में आ रही बाधाएं और जनता पर बढ़ता आर्थिक बोझ सरकार की प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने के बजाय सरकार अपनी राजनीतिक उपलब्धियों का प्रचार करने में व्यस्त है। यह सरकार प्रदेश के हितों से अधिक अपने मित्रों के हितों को प्राथमिकता देती दिखाई दे रही है। यही कारण है कि जनता के मन में अब यह धारणा मजबूत हो रही है कि यह सरकार जनहित की नहीं, बल्कि मित्रों की सरकार बनकर रह गई है।

विपिन सिंह परमार ने कहा कि आश्चर्य की बात यह है कि एक ओर प्रदेश की वित्तीय स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, दूसरी ओर कांग्रेस सरकार अपने चार वर्ष पूरे होने पर अगले महीने जश्न मनाने की तैयारियों में जुटी है। आखिर यह जश्न किस बात का होगा? क्या बेरोजगार युवाओं की निराशा का जश्न मनाया जाएगा? क्या बंद पड़े संस्थानों का जश्न होगा? क्या अधूरे विकास कार्यों का जश्न मनाया जाएगा? क्या प्रदेश पर बढ़ते आर्थिक बोझ का उत्सव मनाया जाएगा?

उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि कांग्रेस सरकार अपनी चार साल की एक ऐसी ठोस उपलब्धि प्रदेश की जनता के सामने रखे, जिससे हिमाचल के प्रत्येक वर्ग का जीवन बेहतर हुआ हो। सरकार बताए कि कितने युवाओं को स्थायी रोजगार मिला, कितनी नई विकास परियोजनाएं धरातल पर उतरीं, कितने बंद संस्थान पुनः सुचारू हुए और प्रदेश की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए? केवल चुनावी घोषणाओं, बड़े-बड़े दावों और भाषणों से प्रदेश का विकास नहीं होता।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में बड़े-बड़े वादे और दस गारंटियों के साथ आई थी, लेकिन आज जनता उन वादों का हिसाब मांग रही है। चार वर्ष का समय किसी भी सरकार के कामकाज का मूल्यांकन करने के लिए पर्याप्त होता है। अब सरकार बहाने बनाकर अपनी जिम्मेदारियों से बच नहीं सकती।

विपिन सिंह परमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विपक्ष के रूप में प्रदेश के हितों, जनता के अधिकारों और विकास के मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाती रहेगी। कांग्रेस सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि सदन के भीतर विपक्ष की आवाज दबाने या जनता को भ्रमित करने से उसकी जवाबदेही समाप्त नहीं हो जाती। प्रदेश की जनता सब देख रही है और आने वाले समय में कांग्रेस सरकार को अपने चार वर्षों के कार्यकाल का हिसाब देना ही होगा।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version