पालमपुर। हिमाचल प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता भाजपा उपाध्यक्ष एवं सुलह विधानसभा क्षेत्र से विधायक विपिन सिंह परमार ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार की आर्थिक नीतियां अब पूरी तरह दिशाहीन होती दिखाई दे रही हैं। प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के बड़े-बड़े दावे करने वाली सरकार आज ऐसे निर्णयों की ओर बढ़ रही है, जो उसकी आर्थिक दूरदर्शिता और नीतिगत क्षमता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करते हैं।
परमार ने कहा कि लगभग 27 वर्षों बाद प्रदेश में लॉटरी व्यवस्था पुनः आरम्भ करने की सरकार की योजना स्वयं में इस बात का प्रमाण है कि सरकार के पास प्रदेश की आय बढ़ाने के लिए कोई ठोस और दूरगामी आर्थिक दृष्टिकोण नहीं है। हैरानी की बात यह है कि दो बार निविदाएं आमंत्रित करने के बावजूद कोई निजी संचालक इस व्यवस्था को संचालित करने के लिए आगे नहीं आया। जब सरकार की अपनी योजना को ही बाजार में स्वीकार्यता नहीं मिल रही, तो फिर इसके पीछे की आर्थिक गणना और व्यवहार्यता का आकलन किस आधार पर किया गया? उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की पहचान उसकी प्राकृतिक संपदा, पर्यटन, बागवानी, कृषि, जल विद्युत क्षमता और मेहनतकश जनता से है। प्रदेश की आर्थिक उन्नति का मार्ग इन संसाधनों के समुचित उपयोग से निकलेगा, न कि ऐसी योजनाओं के सहारे जिनकी सफलता ही अनिश्चित दिखाई दे रही है।
एक ओर आर्थिक संकट, दूसरी ओर नीतियों में प्रयोग! आखिर प्रदेश को किस दिशा में ले जा रही है कांग्रेस सरकार?
परमार ने कहा कि प्रदेश पर एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का ऋणभार होने का विषय विधानसभा में भी गंभीर बहस का केंद्र रहा है। ऐसे समय में सरकार को अनावश्यक व्यय पर नियंत्रण, निवेश को प्रोत्साहन, पर्यटन का विस्तार, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए था। लेकिन सरकार की प्राथमिकताएं देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि वह दीर्घकालीन आर्थिक सुधारों के स्थान पर तात्कालिक उपायों में उलझी हुई है। उन्होंने प्रश्न उठाया कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने के लिए उद्योगों को प्रोत्साहित करने की ठोस कार्ययोजना कहां है? पर्यटन क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार क्यों नहीं हो रहा? बागवानों और किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी विपणन व्यवस्था कब विकसित होगी? सरकारी विभागों में वित्तीय अनुशासन और विकास कार्यों में गति कब आएगी?
परमार ने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को विकास, रोजगार और आर्थिक स्थिरता के वादों के साथ सत्ता सौंपी थी, लेकिन आज सरकार अपने मूल दायित्वों से ध्यान भटकाती दिखाई दे रही है। केवल घोषणाओं, प्रचार और नए-नए प्रयोगों से प्रदेश की आर्थिक स्थिति नहीं सुधरेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि लॉटरी योजना की आर्थिक व्यवहार्यता, उससे होने वाली संभावित आय, प्रशासनिक व्यय और सामाजिक प्रभाव का पूरा विवरण प्रदेश की जनता के सामने सार्वजनिक किया जाए। सरकार स्पष्ट करे कि इस योजना से प्रदेश को वास्तविक आर्थिक लाभ कितना होगा और इसके लिए क्या जवाबदेही निर्धारित की गई है।
हिमाचल प्रदेश कोई प्रयोगशाला नहीं है, जहां सरकार अपनी विफल नीतियों का परीक्षण करती रहे। यह वीरभूमि है, जहां की जनता को विकास, सम्मान, रोजगार और आर्थिक सुरक्षा चाहिए। कांग्रेस सरकार को समझना होगा कि प्रदेश की जनता अब खोखले दावों से संतुष्ट होने वाली नहीं है। उसे परिणाम चाहिए, बहाने नहीं।

