Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

कम मतदान वाले मतदान केंद्रों में स्वीप के माध्यम से जागरूक किये जा रहे मतदाता: एसडीएम

December 21, 2023

कम मतदान वाले मतदान केंद्रों में स्वीप के माध्यम से जागरूक किये जा रहे मतदाता: एसडीएम

जोगिन्दर नगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में गत विधानसभा व लोकसभा चुनाव के दौरान कम मतदान वाले मतदान केन्द्रों में मतदाता जागरूकता को सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम के माध्यम से विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जहां मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है तो वहीं इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) व वोटर वेरिफायबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) मशीनों के संचालन संबंधी जानकारी भी उपलब्ध करवाई जा रही है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि 31-जोगिन्दर नगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में औसत मतदान से कम मतदान वाले मतदान केंद्रों में स्वीप के तहत विशेष मतदाता जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इस दौरान संबंधित मतदान केंद्र में पहुंचकर मतदाताओं को आने वाले लोकसभा चुनाव के दौरान अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है तो वहीं ईवीएम व वीवीपीएटी मशीनों के संचालन संबंधी जानकारी भी उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होने बताया कि जोगिन्दर नगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में ऐसे कुल 11 मतदान केंद्रों की पहचान की गई है जिनमें गत विधानसभा व लोकसभा चुनाव के दौरान औसत मतदान से कम मतदान दर्ज हुआ है।

उन्होंने बताया कि 23 दिसम्बर को ग्राम पंचायत ऊटपुर के अंतर्गत मतदान केंद्र-25 भ्रां, 27 दिसंबर को ग्राम पंचायत भगेहड़ के मतदान केंद्र 28 भगेहड़, 30 दिसंबर को ग्राम पंचायत तुलाह के मतदान केंद्र 33 चुल्ला व ग्राम पंचायत खड़ीहार के मतदान केंद्र 35 ठारा में विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

इसी तरह 5 जनवरी को ग्राम पंचायत खुड्डी के मतदान केंद्र 29 खुड्डी, 6 जनवरी को ग्राम पंचायत कुठेहड़ा के मतदान केंद्र 45 बसाही व मतदान केंद्र 47 मकरीड़ी, 8 जनवरी को ग्राम पंचायत तरयांबली के मतदान केंद्र 46 तरयांबली व ग्राम पंचायत गुम्मा के मतदान केंद्र 120 खारसा तथा 10 जनवरी को ग्राम पंचायत मतेहड़ के मतदान केंद्र 5 लाहला में ये शिविर आयोजित किये जाएंगे।

उन्होंने इस विशेष मतदाता जागरूकता अभियान के तहत निर्धारित तिथि को संबंधित मतदान केंद्र में अधिक से अधिक मतदाताओं से भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान ईवीएम व वीवीपीएटी मशीनों के संचालन संबंधी जानकारी भी मतदाताओं को दी जाएगी। इस दौरान स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों से भी कार्यक्रम में स्थानीय मतदाताओं की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित बनाने का भी आग्रह किया है ताकि लोगों को उनके मत के महत्व बारे जागरूक किया जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें