Site icon Dainik Savera Times

कसोल में कचरा प्रबंधन होगा और मजबूत, एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने दिए प्रभावी संचालन के निर्देश

कुल्लू: एडीएम कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने कसोल स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी के प्रभावी संचालन को लेकर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कसोल और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा कचरा प्रबंधन को अधिक कारगर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। एडीएम ने विशेष रूप से विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (SADA) को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया ताकि क्षेत्र में स्वच्छता गतिविधियों का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

समीक्षा बैठक के दौरान ग्रामीण विकास विभाग को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को नियमित करने के निर्देश दिए गए। योजना के तहत मणिकर्ण क्षेत्र से प्रतिदिन तथा कसोल से एक दिन छोड़कर (वैकल्पिक दिवस पर) गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण कर उठान किया जा रहा है।

इसके अलावा, क्षेत्र में स्वच्छता शुल्क व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए बल्क वेस्ट जनरेटरों (व्यावसायिक प्रतिष्ठानों व होटलों) को चिन्हित किया जाएगा ताकि उनसे नियमानुसार शुल्क लिया जा सके।

एडीएम ने ग्रामीण विकास विभाग को कसोल एमआरएफ प्लांट तक पहुंच सड़क की बेहतर व्यवस्था के लिए ठेकेदार से तत्काल वार्ता करने के निर्देश दिए। साथ ही प्लांट परिसर में अतिरिक्त बिजली मीटर लगाने, शौचालय निर्माण तथा आवश्यक प्लेटफॉर्म निर्माण के लिए शीघ्र एस्टीमेट तैयार करने को कहा। उन्होंने गैर-सरकारी संस्था ‘हीलिंग हिमालयाज’ के प्रदीप बोध एवं अन्य हितधारकों के साथ समन्वय बनाकर सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में जिला योजनाकार घनश्याम शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी दया राम ठाकुर, सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

📍 Location: Kullu (KULLU)

Exit mobile version