घुमारवीं: थाना घुमारवीं के तहत पनोह पंचायत में दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले 14 वर्षीय छात्र ने पुराने मकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान सौरव पुत्र प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार सौरव बीते दिन टीवी देखने की जिद कर रहा था। माता-पिता ने उसे स्कूल का काम करने के लिए कहा, जिससे नाराज होकर वह पुराने मकान की ओर चला गया। कुछ देर बाद परिजनों ने जब उसे तलाशा तो वह पुराने मकान की पहली मंजिल पर छत की लकड़ी से रस्सी के सहारे फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस थाना घुमारवीं की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। उधर, डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि पुलिस थाना घुमारवीं मामले की आगामी कार्रवाई कर रही है।
टीवी देखने से मना किया तो नाबालिग ने लगाया फंदा, मौत

