Site icon Dainik Savera Times

कौन है अनुराग शर्मा, जिसे कांग्रेस ने हिमाचल से बनाया राज्यसभा उम्मीदवार

Anurag Sharma

Anurag Sharma

हिमाचल डेस्कः अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए अनुराग शर्मा को प्रत्याशी घोषित किया है। अनुराग शर्मा कांगड़ा जिले के बैजनाथ से संबंध रखते हैं और वर्तमान में जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा के अध्यक्ष हैं।

ये भी देखें :-

जानकारी के अनुसार अनुराग शर्मा आज मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की मौजूदगी में विधानसभा में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन से पहले सीएम सुक्खू विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।

कौन हैं अनुराग शर्मा?

अनुराग शर्मा युवा नेता हैं और पेशे से व्यवसायी हैं। वे करीब दो महीने पहले ही कांगड़ा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बने हैं। इससे पहले वे बीड़-बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके पिता प्यारे लाल शर्मा ग्राम पंचायत बीड़ से छह बार प्रधान और एक बार पंचायत समिति के अध्यक्ष रह चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह जब भी बैजनाथ आते थे तो अक्सर प्यारे लाल शर्मा के घर जाते थे। अनुराग शर्मा का पूर्व मंत्री संतराम शर्मा और उनके बेटे सुधीर शर्मा के परिवार से भी पारिवारिक संबंध रहा है।

सीएम सुक्खू ने दी बधाई

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोशल मीडिया पर अनुराग शर्मा को बधाई देते हुए लिखा कि जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा के अध्यक्ष और जमीनी कार्यकर्ता अनुराग शर्मा को हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा चुनाव का उम्मीदवार बनाए जाने पर हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि अनुराग शर्मा के अनुभव से प्रदेश की आवाज संसद में मजबूती से उठेगी और जनता के हितों की रक्षा होगी।

राज्यसभा जाना लगभग तय

भाजपा की वर्तमान राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है। उससे पहले नए सांसद का चुनाव होना है। आज नामांकन भरे जाएंगे और कल उनकी जांच होगी। भाजपा ने अब तक अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पहले ही कह चुके हैं कि भाजपा चुनाव नहीं लड़ेगी, क्योंकि पार्टी के पास विधानसभा में पूर्ण बहुमत नहीं है। ऐसे में अनुराग शर्मा का राज्यसभा पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें :-

Exit mobile version