हिमाचल डेस्कः प्रदेश के मंडी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मामूली कहासुनी के बाद गुस्से में आकर एक पत्नी ने अपने पति पर उबलता हुआ दूध फेंक दिया, जिससे पति गंभीर रूप से झुलस गया। घायल पति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़ें :-
जानकारी के अनुसार, यह घटना उपमंडल सरकाघाट के हटली पुलिस थाना क्षेत्र के गांव जमनौंण की है। पीड़ित धर्मपाल (32), पुत्र स्वर्गीय रतन चंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार यानी 10 मार्च की रात करीब 8 बजे वह अपनी पत्नी नीना कुमारी के साथ रसोई में खाना खा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
धर्मपाल के अनुसार, बहस के दौरान जब उसने पत्नी को मोबाइल चलाना बंद करने और शांत रहने के लिए कहा, तो वह गुस्से में आ गई। गुस्से में उसने चूल्हे पर उबल रहा गर्म दूध उठाकर जानबूझकर उसके ऊपर फेंक दिया।
अचानक हुए इस हमले में धर्मपाल खुद को बचा नहीं पाया और उबलते दूध से उसका चेहरा व शरीर के अन्य हिस्से बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद परिजनों ने उसे तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हटली थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें :-

