Dainik Savera Times

शिमला में वन्यजीव सप्ताह के दूसरे दिन शिमला में गूंजी साइकिलों की घंटियां

शिमला। वन्यजीव सप्ताह-2026 के तहत हिमाचल प्रदेश वन विभाग के वन्यजीव प्रभाग की ओर से शुक्रवार को शिमला में मेगा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया। रैली में साइकिलिंग प्रेमियों, प्रकृति प्रेमियों, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

साइकिल रैली शिमला जल ग्रहण क्षेत्र के ढली गेट से शुरू हुई। प्रतिभागी ढली-संजौली होते हुए रामचंद्र चौक पहुंचे और निर्धारित मार्ग से वापस प्रारंभिक स्थल पर लौटे। इसके बाद निर्धारित मार्ग पर साइकिल रेस भी आयोजित की गई।

रैली को मुख्य अरण्यपाल (प्रशासन एवं मानव संसाधन विकास) अभिलाष दामोदरन, आईएफएस और अरण्यपाल (वित्त) किरूपा शंकर, आईएफएस ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि वन्यजीव सप्ताह के दौरान आयोजित गतिविधियों का उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं को प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण से जोड़ना है।

प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, स्मृति चिह्न और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरुष अंडर-19 वर्ग में आराध्य वर्मा ने प्रथम स्थान हासिल कर 10 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। रूबेन दूसरे और आरव ठाकुर तीसरे स्थान पर रहे, जिन्हें क्रमश: 6 हजार और 3 हजार रुपये मिले।

महिला वर्ग में बीना देवी ने प्रथम, सुरभि ठाकुर ने द्वितीय और अंजलि ठाकुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। उन्हें क्रमश: 10 हजार, 6 हजार और 3 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। पुरुष 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में गौरव नागी प्रथम, अजय कुमार द्वितीय और दिशांत चौहान तृतीय रहे। विजेताओं को भी 10 हजार, 6 हजार और 3 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

इस अवसर पर वन अरण्यपाल (वन्यजीव), शिमला प्रीति भंडारी, आईएफएस, उप वन अरण्यपाल डॉ. शहनवाज भट्ट, वन मंडल अधिकारी (वन्यजीव) अनीता भारद्वाज, एचपीएफएस, सहायक वन अरण्यपाल (प्रचार) देवेंद्र सिंह चौहान, एचपीएफएस, वन परिक्षेत्र अधिकारी (वन्यजीव) रूपेंद्र शर्मा सहित वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

वन्यजीव प्रभाग ने लोगों से वन्यजीव सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने और हिमाचल की समृद्ध प्राकृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version