Site icon Dainik Savera Times

अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के तहत आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता के विजेता किए सम्मानित

रामपुर बुशहर: अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित उपमंडल स्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता-2026 के विभिन्न वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को आज रामपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त शिमला एवं अंतरराष्ट्रीय लवी मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार राशि एवं सम्मान प्रदान किया तथा बच्चों से संवाद कर उनके विचारों, अनुभवों और रचनात्मक गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

उल्लेखनीय है कि 05 नवम्बर, 2026 को आयोजित इस प्रतियोगिता में शिक्षा खंड ननखड़ी से 120, रामपुर से 79, सराहन से 46 तथा महाविद्यालय वर्ग से 04 सहित कुल 249 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था। इनमें से 188 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।

प्रतियोगिता के कनिष्ठ हिंदी वर्ग में सनशाइन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर की योवेला देवयानी ने प्रथम, साई विद्या पब्लिक स्कूल रामपुर की प्रियंशी ने द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किन्नू की साक्षी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ अंग्रेजी वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल दत्तनगर की निधि ठाकुर प्रथम, स्प्रिंगडेल स्कूल रामपुर की अंशिका पलसरा द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिंगला की रिधिका तृतीय स्थान पर रहीं।

वरिष्ठ हिंदी वर्ग में सनशाइन पब्लिक स्कूल रामपुर के स्वरित ठाकुर ने प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रचोली की इशिता ने द्वितीय तथा शिवालिक पब्लिक स्कूल झाकड़ी की विशाखा आर्यवंशी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वरिष्ठ अंग्रेजी वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गानवी की कविता मल्होत्रा प्रथम, डीएवी पब्लिक स्कूल दत्तनगर की अर्चि पॉल द्वितीय तथा स्प्रिंगडेल स्कूल रामपुर की आरना तृतीय स्थान पर रहीं।

महाविद्यालय वर्ग में मेहक (बीए द्वितीय वर्ष), सारिका (बीए द्वितीय वर्ष), संध्या (बीए द्वितीय वर्ष) तथा स्नेहा (बीए तृतीय वर्ष) को समान रूप से 2,500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। प्रतियोगिता के कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 15,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को 10,000 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 5,000 रुपये की पुरस्कार राशि से प्रदान की गई।

इस अवसर पर उपायुक्त अनुपम कश्यप ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में लेखन कौशल, रचनात्मक सोच और विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ साहित्यिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, उपमंडलाधिकारी नागरिक रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह,सहायक आयुक्त राजस्व एवं तहसीलदार रामपुर योगेश कुमार, सहायक आयुक्त ( विकास) एवं खंड विकास अधिकारी ननखरी मनोज कुमार भी उपस्थित रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version