Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल में कार खाई में गिरने से महिला की मौत

शिमला: हिमाचल की राजधानी शिमला से करीब 60 किलोमीटर दूर ठियोग उपमंडल में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां के बड़ोग इलाके में सड़क किनारे पार्क कार बैक होकर खाई में लुढ़क गई। कार में एक महिला बैठी थी, जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई और अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक महिला की शिनाख्त 52 वर्षीय रेखा पत्नी अमर चंद के तौर पर हुई है। वह बड़ोग के शेनल गांव की रहने वाली थी। ये हादसा रविवार बाद दोपहर हुआ।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रेखा अपने पति अमर चंद और भतीजे कैलाश के साथ अपने बगीचे देखने गए थे। घर से थोड़ा फासले पर इन्होंने सड़क किनारे कार को पार्क कर दिया। इस दौरान अमर और कैलाश बगीचा देखने गए। वहीं रेखा को कार में ही बैठकर इंतजार करने को कहा। कुछ समय बाद जब वे दोनों वापिस घटनास्थल पर लौटे, तो पाया कि कार बैक होकर खाई में लुढ़की है और रेखा कार में गंभीर अवस्था में थी। उसे ठियोग सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने रेखा को मृत करार दिया।

जांच अधिकारी ने सोमवार को बताया कि शव को पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं हादसे को लेकर आईपीसी की धारा 336 व 304ए के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Exit mobile version