Site icon Dainik Savera Times

दुबई में हमीरपुर के लाल को ‘यंग शेफ ऑफ द ईयर’ का खिताब

हमीरपुर: बड़सर उपमंडल के मंझली मन्सूई गांव के मुनीश कुमार ने विदेशी धरती पर हिमाचल प्रदेश और हमीरपुर का नाम रोशन किया है। दुबई में आयोजित होटल मैनेजमेंट हॉस्पिटैलिटी कमांडेंट प्रतियोगिता में मुनीश ने ‘यंग शेफ ऑफ द ईयर’ का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के 100 से अधिक शेफ प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें मुनीश ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। मुनीश कुमार बेहद गरीब परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता राज कुमार दिहाड़ी-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वर्ष 2016 में कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे को होटल मैनेजमेंट का कोर्स करवाया। इसके बाद मुनीश का चयन दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल में प्रशिक्षण के लिए हुआ।

ये भी पढ़ें: नहीं रहे डायरेक्टर टॉम चेरोन्स, इस खतरनाक बीमारी से हारे जंग 

वर्ष 2018 में वह दुबई होटल में नौकरी के लिए पहुंचे। शुरु आती दौर में कई परेशानियों का सामना करना पड़ा, यहां तक कि एक एजेंट द्वारा डेढ़ लाख रु पए की ठगी भी हुई। बावजूद इसके, मुनीश ने हिम्मत नहीं हारी और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ते रहे। मुनीश की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। पिता राज कुमार ने कहा कि उनके बेटे ने कठिन संघर्ष के बाद यह मुकाम हासिल किया है, जिससे पूरे गांव और जिले का नाम रोशन हुआ है। माता सोमा देवी ने भावुक होते हुए बताया कि बेटे ने संघर्ष के दिनों में मंदिर में रहकर भोजन किया, लेकिन आज उसकी मेहनत रंग लाई है। वहीं, मुनीश कुमार ने कहा कि यह सफलता उसकी निरंतर मेहनत और लगन का परिणाम है और वह आगे भी प्रदेश का नाम रोशन करने का प्रयास करता रहेगा।

ये भी पढ़ें: 14वीं पंचवर्षीय योजना में सेंट्रल रूट से गुज़रने वाली चीन-यूरोप मालगाड़ियों की संख्या 15 हज़ार से ज़्यादा

Exit mobile version