Site icon Dainik Savera Times

गृहमंत्री शाह, योगी सहित आज चार मुख्यमंत्री काशी में करेंगे मंथन

Home Minister Amit Shah

Home Minister Amit Shah

Home Minister Amit Shah : केंद्रीय क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होने के लिए गृह मंत्री अमित शाह सोमवार से काशी के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी उनका स्वागत करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करने के लिए दो दिवसीय दौरे पर सोमवार (23 जून) को वाराणसी पहुंचेंगे।

बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहेंगे। चारों राज्यों के मुख्यमंत्री सोमवार शाम लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर अमित शाह की अगवानी करेंगे। सभी अतिथि काशी कोतवाल काल भैरव और बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे।

मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक 24 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक ताज होटल में प्रस्तावित है। बैठक की तैयारियों को प्रशासन अंतिम रूप दे रहा है। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक पहली बार काशी में हो रही है।

24 जून को प्रस्तावित 25वीं मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। होटल ताज में सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक होने वाली बैठक में सुरक्षा और विकास समेत कई अहम बिंदुओं पर चर्चा होगी। बैठक में चारों राज्यों के मुख्य सचिवों और नीति आयोग के साथ ही अंतर्राज्यीय परिषद के प्रतिनिधियों समेत कई गणमान्य लोग भी शामिल होंगे।

गृह मंत्री अमित शाह के वाराणसी आगमन पर भारतीय जनता पार्टी ने भी काशी की परंपरा के अनुसार उनके स्वागत की तैयारी की है। गृह मंत्री का 11 स्थानों पर स्वागत किया जाएगा, जहां पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और सामाजिक वर्ग के लोग ढोल-नगाड़ों, शंखनाद, ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ उनका स्वागत करेंगे।

Exit mobile version