नई दिल्ली: भगवान वाल्मीकि के संबंध में कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता दीपक झा की तरफ से की गई कथित टिप्पणी के मामले को भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में गृह मंत्रालय के संघ राज्य क्षेत्र प्रभाग की ओर से दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र भेजा गया है।
गृह मंत्रालय द्वारा दिल्ली पुलिस आयुक्त को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि मंत्रालय को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल की ओर से इस मामले को लेकर पत्र प्राप्त हुआ है। हरदीप गिल ने गृह मंत्रालय को पत्र भेजकर भगवान वाल्मीकि जी के संबंध में की गई टिप्पणी का संज्ञान लेने तथा आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की थी। गृह मंत्रालय के अवर सचिव अर्जुन कमले के हस्ताक्षर से जारी पत्र में दिल्ली पुलिस आयुक्त से संबंधित मामले में आवश्यक कार्रवाई करने तथा की गई कार्रवाई से मंत्रालय को अवगत कराने को कहा गया है। पत्र के साथ संबंधित दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं।

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने इस मामले को गंभीरता से उठाते हुए केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के समक्ष मामला रखा था। उनका कहना था कि भगवान वाल्मीकि जी से संबंधित किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक अथवा भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
गृह मंत्रालय द्वारा दिल्ली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बाद अब इस मामले में दिल्ली पुलिस की ओर से की जाने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी। मंत्रालय ने स्पष्ट रूप से संबंधित मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाने और उसकी जानकारी मंत्रालय को भेजने के निर्देश दिए हैं। गृह मंत्रालय का यह पत्र इस बात को भी रेखांकित करता है कि धार्मिक एवं सामाजिक महापुरुषों से संबंधित संवेदनशील मामलों में प्राप्त शिकायतों को संबंधित कानून-व्यवस्था एजेंसियों के माध्यम से जांच के लिए भेजा जा रहा है।