नई दिल्ली। सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह हाल ही में एक वीडियो को लेकर विवादों में घिर गए थे। यह वीडियो उनके दिल्ली कॉन्सर्ट का बताया जा रहा है, जिसमें वे मंच पर अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करते और इंटीमेसी व कॉन्डम जैसे विषयों पर बात करते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर हनी सिंह को काफी ट्रोल किया गया और लोगों ने उनके शब्दों पर नाराजगी जताई।
सोशल मीडिया पर लोगों ने किया जमकर विरोध
भरी महफिल में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करने को लेकर कई लोगों ने हनी सिंह की आलोचना की। यूजर्स का कहना था कि एक बड़े कलाकार होने के नाते उन्हें अपनी भाषा पर ध्यान देना चाहिए। मामला बढ़ता देख हनी सिंह ने अब इस पूरे विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर मांगी माफी
हनी सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वे खुद माफी मांगते नजर आ रहे हैं। वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा—भूल-चूक माफ, मेरा माफीनामा। इस वीडियो में हनी सिंह ने बताया कि सुबह से उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है, जिसे एडिट करके गलत तरीके से पेश किया गया है।
हनी सिंह ने बताया वायरल वीडियो का पूरा सच
वीडियो में हनी सिंह कहते हैं कि वे नंदकोर करुण के शो में सिर्फ एक गेस्ट के तौर पर पहुंचे थे। शो में जाने से करीब दो दिन पहले वे कुछ गायनेकोलॉजिस्ट और सेक्सोलॉजिस्ट के साथ लंच पर थे। बातचीत के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि आज की युवा पीढ़ी में सेक्सुअली ट्रांसमिटेड डिजीज तेजी से बढ़ रही हैं क्योंकि कई लोग अनसेफ सेक्स कर रहे हैं।
Gen-Z को समझाने की थी कोशिश
हनी सिंह ने आगे कहा कि जब वे शो में पहुंचे और वहां Gen-Z ऑडियंस को देखा, तो उन्होंने सोचा कि युवाओं को उनकी ही भाषा में एक जरूरी मैसेज दिया जाए। उनका मकसद था यह समझाना कि लोग अनप्रोटेक्टेड सेक्स न करें और कॉन्डम का इस्तेमाल जरूर करें।
भाषा गलत लगी तो मांगी दिल से माफी
हनी सिंह ने माना कि उन्होंने OTT और फिल्मों में इस्तेमाल होने वाली भाषा में बात करने की कोशिश की, ताकि युवा वर्ग जल्दी समझ सके। लेकिन वही भाषा कई लोगों को बहुत बुरी लगी। उन्होंने साफ कहा कि उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था।
आगे से अपनी जुबान पर रखूंगा काबू
सिंगर ने कहा कि इंसान गलतियों का पुतला होता है और उनसे भी गलती हो गई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे से वे अपनी भाषा पर पूरा ध्यान रखेंगे और ऐसी गलती दोबारा नहीं करेंगे।
वीडियो एडिट होकर वायरल होने पर भी जताई चिंता
हनी सिंह ने यह भी कहा कि उन्हें अब इस बात का ध्यान रहेगा कि उनकी बातें एडिट होकर गलत तरीके से वायरल की जा सकती हैं। इसलिए वे भविष्य में और ज्यादा सावधान रहेंगे।
फैंस से मांगा प्यार और माफी
वीडियो के आखिर में हनी सिंह ने कहा “बहरहाल, आप सबसे माफी। आपका अपना यो यो हनी सिंह। इसी तरह प्यार देते रहिए।”

