हापुड़ः उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बदायूं से दिल्ली की ओर जा रही एक तेज रफ्तार थार कार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक 17 वर्षीय युवक घायल हुआ है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और आपातकालीन सेवा को सूचना दी।
रात करीब 12 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र में आने वाले गंगा एक्सप्रेसवे पर देर रात करीब 12 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि थार कार बदायूं से दिल्ली की तरफ जा रही थी। कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया। इसके बाद थार सड़क पर कई बार पलटती हुई एक्सप्रेसवे के किनारे जा गिरी।हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
गंगा एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर देखने को मिला। अनियंत्रित थार गाड़ी पलटने से भीषण हादसा, हादसे में थार सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसा… pic.twitter.com/Lb7k5ckofA
— निशान्त शर्मा (भारद्वाज) (@Nishantjournali) August 31, 2026
कार में फंसे थे पांच लोग
हादसे के समय थार में कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद सभी लोग कार के अंदर फंस गए। कार की हालत इतनी खराब हो गई थी कि लोगों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई। घटना की सूचना मिलते ही 112 आपातकालीन सेवा और सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मेहनत के बाद कार में फंसे सभी पांचों लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को इलाज के लिए नजदीकी सीएचसी सिखेड़ा ले जाया गया।
डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित किया
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने चार युवकों की जांच की। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, 17 वर्षीय विष्णु को इस हादसे में मामूली चोटें आई हैं। उसकी हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है।
मृतकों की ये हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवक बदायूं जिले के रहने वाले थे। जिनकी पहचान जोगिंदर 26 वर्ष, सुखबीर 25 वर्ष, जसवंत 20 वर्ष, रवि 20 वर्ष के रूप में हुई है।वहीं घायल युवक की पहचान 17 वर्षीय विष्णु के रूप में हुई है। विष्णु भी बदायूं के पालपुर गांव का रहने वाला बताया गया है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
हादसे के बाद पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को भी क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया। वाहन हटाए जाने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात को सामान्य किया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल सिंभावली थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ, इसकी पूरी जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार में वाहन चलाने के खतरे को सामने ला दिया है। एक ही परिवार और क्षेत्र से जुड़े युवकों की मौत के बाद उनके गांवों में भी मातम का माहौल है।

