Site icon Dainik Savera Times

अजमेर: डिवाइडर से टकराकर पलटी बस, चालक ने मौके पर तोड़ा दम, 20 से ज्यादा घायल

Fatehabad accident

Fatehabad accident

नेशनल डेस्क: राजस्थान के अजमेर शहर में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आदर्श नगर थाना क्षेत्र में थाने के सामने से गुजर रहे हाईवे पर एक स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दुर्घटना में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई और बस में सवार 20 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, यह बस गुजरात के अहमदाबाद से राजस्थान के सीकर की ओर जा रही थी। बस में सवार कई यात्री एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए सफर कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बस में दुल्हन के कुछ रिश्तेदार भी मौजूद थे। हादसा इतना अचानक हुआ कि कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ मनीष बड़गूजर और आदर्श नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

हादसे की खबर मिलते ही जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अनिल सामरिया और अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि घायलों का तुरंत और बेहतर इलाज किया जाए तथा किसी भी तरह की लापरवाही न हो। डॉक्टरों के अनुसार अधिकतर घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे हुई। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि बस चालक को झपकी आ गई होगी या फिर अचानक तबीयत बिगड़ने की वजह से बस पर उसका नियंत्रण नहीं रहा। इसी कारण बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के असली कारणों की जांच की जा रही है।

Exit mobile version