Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

आजमगढ़ में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराकर पलटी तेज रफ्तार कार, 3 युवकों की मौत, 6 घायल

September 15, 2026

आजमगढ़ में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराकर पलटी तेज रफ्तार कार, 3 युवकों की मौत, 6 घायल

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद कार पलट गई। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गणेश प्रतिमा स्थापित करने के बाद लौट रहे थे युवक

जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के पास मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे हुई। कार में कुल नौ युवक सवार थे। बताया गया कि सभी युवक गणेश प्रतिमा स्थापित करने के बाद रातभर पंडाल में मौजूद थे। सुबह होने पर सभी युवक फूलपुर से सरायमीर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान जगदीशपुर के पास उनकी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक बेकाबू हो गई। कार सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराने के बाद पलट गई।

हादसे में तीन युवकों की मौत

दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि सत्यम मोदनवाल (20) और निखिल गुप्ता (17) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल लकी सोनकर (19) की फूलपुर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

छह घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसे में छह युवक घायल हुए हैं। इनमें अंश सोनकर (17), अनमोल मोदनवाल (18), किशन मोदनवाल (20), सक्षम बरनवाल (17), अनुराग पांडेय और शगुन उर्फ कौस्तुभ पांडेय शामिल हैं। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

कार में सवार थे नौ लोग

सीओ फूलपुर किरण पाल सिंह के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार पंजाब नंबर की थी और उसमें कुल नौ लोग सवार थे। सभी युवक फूलपुर से सरायमीर की ओर जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, गणेश प्रतिमा स्थापित करने के बाद युवक रातभर पंडाल में रहे थे और मंगलवार तड़के वहां से वापस लौट रहे थे।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

बताया जा रहा है कि जगदीशपुर गांव के पास पहुंचते ही कार की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराई और इसके बाद पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे में तीन युवकों की मौत से इलाके में भी शोक का माहौल है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें