Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित ट्रक ने कई गाड़ियों को मारी टक्कर, 11 लोगों की मौत

April 23, 2026

मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित ट्रक ने कई गाड़ियों को मारी टक्कर, 11 लोगों की मौत

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से एक बोलेरो, कार और कंटेनर को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो गई है।

जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी भयानक थी कि बोलेरो में तुरंत आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण उसमें बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। इस वजह से बोलेरो में सवार 6 लोग जिंदा जल गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि की।

ये भी पढ़ें: आज का राशिफल: जानें किस का भाग्य देगा साथ और किसे बरतनी होगी सावधानी

पुलिस के मुताबिक, ट्रक ने पहले बोलेरो को टक्कर मारी, जिसके बाद अन्य वाहन भी उसकी चपेट में आ गए। टक्कर के बाद बोलेरो में आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए तुरंत फायर टीम को बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही इस हादसे की बड़ी वजह हो सकती है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

हादसे में ट्रक चालक सहित कई लोग घायल भी हुए हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

ये भी पढ़ें: तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के मतदान को लेकर पीएम मोदी बोले- उत्साह के साथ करें मतदान

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें