Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

वाराणसी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, चार लोगों ने मौके पर तोड़ा दम

October 19, 2026

वाराणसी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, चार लोगों ने मौके पर तोड़ा दम

नेशनल डेस्क: मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सेल्फी लेने के लिए रोकी थी स्कॉर्पियो

जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में आठ लोग सवार थे। सभी लोग विंध्याचल में दर्शन करने के बाद वाराणसी लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे जब वे रूपापुर ओवरब्रिज पर पहुंचे, तो उन्होंने अपनी गाड़ी रोक दी। इसके बाद सभी लोग वाहन से उतरकर ओवरब्रिज पर सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने स्कॉर्पियो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी चार लोग घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटना के बाद ओवरब्रिज पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।

तीन मृतकों और तीन घायलों की हुई पहचान

पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कई घंटे बाद तीन मृतकों और तीन घायलों की पहचान हो सकी। बाकी लोगों की पहचान करने के लिए पुलिस की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दुर्घटना के बाद रूपापुर ओवरब्रिज पर काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें