Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, बस-कार की टक्कर में 5 की मौत, कई घायल

July 1, 2026

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, बस-कार की टक्कर में 5 की मौत, कई घायल

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार स्लीपर बस ने एक कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर की ग्रिल तोड़ते हुए सड़क किनारे खंती में पलट गई। इस हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए।

यह दुर्घटना सुबह करीब 5 बजे एक्सप्रेसवे के 230.800 माइल स्टोन के पास देवखरी गांव के नजदीक हुई। जानकारी के अनुसार, कार में कुल आठ लोग सवार थे। हादसे में पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान दिव्या (13 वर्ष), अमृता (5 वर्ष), अंजू (40 वर्ष), धुनमुन (60 वर्ष) और कार चालक विनोद (45 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि कार का पंजीकरण संतकबीरनगर जिले का था।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात भी सामान्य कराया गया। कार में घायल हुए तीन लोगों को पहले बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

वहीं हादसे के समय बस में करीब 85 यात्री सवार थे। बस के पलटने से 17 से अधिक यात्रियों को भी चोटें आईं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं और गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ। प्रशासन ने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें