नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में शनिवार की सुबह दो बड़े सड़क हादसे हुए। जहां, दोनों घटनाओं में कई लोगों की जान चली गई, जबकि कई यात्री और अन्य लोग घायल हुए हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रक की जोरदार टक्कर हुई, जिसमें दोनों वाहनों के ड्राइवरों की मौत हो गई। वहीं, मध्य प्रदेश के धार जिले में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और एक बच्ची घायल हो गई।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बस-ट्रक की जोरदार टक्कर
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शनिवार तड़के करीब 5 बजे बड़ा सड़क हादसा हुआ। यह दुर्घटना हैदरगढ़ के सुबेहा थाना क्षेत्र में गेरांवा गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई। जानकारी के अनुसार, हादसा एक्सप्रेसवे के करीब 52.7 किलोमीटर पर हुआ। दिल्ली से करीब 80 यात्रियों को लेकर एक बस बिहार जा रही थी। इसी दौरान बस को पीछे से एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
बस रोककर टायर चेक कर रहे थे दोनों ड्राइवर
बताया जा रहा है कि हादसे से पहले बस को सड़क किनारे रोका गया था। बस और ट्रक के चालक पहियों की हवा चेक कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे में दोनों ड्राइवरों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अजय कुमार यादव और दीप चन्दर राय के रूप में हुई है।
कई यात्री भी घायल
इस हादसे में ट्रक चालक और क्लीनर समेत बस में सवार आधा दर्जन से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सुबेहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एक्सप्रेसवे की राहत टीम और एंबुलेंस कर्मचारियों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बाराबंकी जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पहले भी हो चुके हैं बड़े हादसे
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर इससे पहले भी कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं। कुछ महीने पहले हुए एक भीषण हादसे में पांच लोगों की मौत हुई थी। लगातार हो रहे हादसों के कारण एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा और तेज रफ्तार को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
मध्य प्रदेश के धार में भीषण सड़क हादसा
उत्तर प्रदेश के बाद मध्य प्रदेश के धार जिले में भी शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। बदनावर के पिटगारा चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। यह हादसा महू-नीमच फोरलेन पर हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवारों में से तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक बच्ची भी घायल हुई है।
ट्रक की टक्कर से तीन लोगों की मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार लोग सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक बच्ची घायल हो गई। घायल बच्ची को इलाज के लिए बदनावर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में काफी नाराजगी दिखाई दी। ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर फोरलेन को जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। जाम के कारण रतलाम-इंदौर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया गया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...