मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से बड़ी खबर सामने आई है। पवई इलाके में स्थित आर ए स्टूडियो में 17 बच्चों को बंधक बनाने वाले रोहित आर्या की मौत हो गई है। पुलिस ने ऑपरेशन के दौरान की गई जवाबी कार्रवाई में गोलीबारी की, जिसमें रोहित घायल हो गया था। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कैसे शुरू हुआ पूरा मामला
घटना गुरुवार सुबह की है। पवई के आर ए स्टूडियो में एक्टिंग क्लास और ऑडिशन के लिए करीब 100 बच्चे पहुंचे थे। रोहित आर्या, जो खुद को यूट्यूबर और कास्टिंग डायरेक्टर बताता था, पिछले कुछ दिनों से बच्चों का ऑडिशन ले रहा था। लेकिन अचानक उसने 80 बच्चों को वापस भेज दिया और 17 बच्चों, 1 बुजुर्ग और 1 शख्स को स्टूडियो के अंदर ही बंधक बना लिया।
बच्चों को शीशे से झांकते देख मची हलचल
जब आसपास के लोगों ने देखा कि बच्चे शीशे से झांककर मदद मांग रहे हैं, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में स्थानीय पुलिस, ATS और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके को घेर लिया। रोहित अंदर से लगातार धमकी दे रहा था कि अगर किसी ने जबरदस्ती की तो वह खतरनाक कदम उठा लेगा।
ऑडिशन के बहाने किडनैपिंग की साजिश
पुलिस जांच में पता चला कि रोहित ने बच्चों को ऑडिशन के बहाने बुलाकर किडनैप किया था। वह पिछले 4-5 दिनों से स्टूडियो में रह रहा था और बच्चों को एक नई फिल्म में काम दिलाने का झांसा दे रहा था।
वीडियो जारी कर खुद को बताया “प्लान का हिस्सा”
पुलिस ऑपरेशन के बीच ही रोहित का एक वीडियो संदेश सामने आया। इस वीडियो में उसने कहा कि यह सब उसने एक सोची-समझी योजना के तहत किया है। उसने बताया कि उसकी कोई पैसे से जुड़ी मांग नहीं है, बल्कि उसकी मांगें नैतिकता से जुड़ी हैं। उसने खुद को आतंकवादी मानने से इंकार किया और कहा कि वह सिर्फ “सवाल पूछना और जवाब पाना चाहता है”।
पुलिस ने बाथरूम से की एंट्री
मुख्य दरवाजे से जाना खतरे भरा था, इसलिए पुलिस ने स्पेशल ऑपरेशन प्लान बनाया। एक टीम ने बाथरूम के रास्ते अंदर घुसने की योजना बनाई ताकि रोहित को बिना भनक लगे काबू में किया जा सके। करीब दो घंटे चले इस साइलेंट ऑपरेशन में पुलिस ने सभी 17 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
ये भी पढ़ेंः ममता कुलकर्णी ने दाऊद इब्राहिम को लेकर ऐसा किया कहा, मचा गया बवाल, अब दी ये सफाई
गोलीबारी में रोहित हुआ था घायल
जब पुलिस अंदर पहुंची तो रोहित ने एयरगन से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें रोहित को गोली लगी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान वह मर गया।
रोहित के पास मिला संदिग्ध सामान
पुलिस ने बताया कि रोहित के पास से एक एयरगन और कुछ केमिकल पदार्थ बरामद हुए हैं। अब फॉरेंसिक टीम इन पदार्थों की जांच कर रही है कि कहीं यह खतरनाक कैमिकल तो नहीं थे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या उसने यह सब अकेले किया या किसी गिरोह या व्यक्ति के इशारे पर।
सभी बच्चे सुरक्षित
मुंबई पुलिस ने बताया कि सभी 17 बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। बच्चों को मेडिकल जांच और काउंसलिंग के लिए भेजा गया है ताकि वे मानसिक रूप से भी ठीक रहें। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि यह एक “मेंटली डिस्टर्ब्ड लेकिन कंट्रोल्ड ऑपरेशन” था। अगर पुलिस समय पर कार्रवाई न करती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ऑपरेशन की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। साथ ही स्टूडियो में लगे CCTV फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग्स भी खंगाली जा रही हैं ताकि यह पता चल सके कि रोहित ने यह सब कब और कैसे प्लान किया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...