Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

रिकॉर्ड के हिसाब से 2024 सबसे गर्म वर्ष रहेगा : यूरोपीय जलवायु एजैंसी

December 10, 2024

रिकॉर्ड के हिसाब से 2024 सबसे गर्म वर्ष रहेगा : यूरोपीय जलवायु एजैंसी

Hottest Year : यूरोपीय जलवायु एजैंसी ‘कोपरनिकस’ ने कहा कि 2024 अब तक का सबसे गर्म वर्ष होगा और औसत तापमान 1.5 डिग्री सैल्सियस से अधिक होने वाला यह पहला वर्ष होगा। उसने कहा कि इसके अलावा, नवंबर 2024 दूसरा सबसे गर्म महीना (नवंबर 2023 के बाद) बन गया है, जिसमें औसत सतह वायु तापमान 14.10 डिग्री सैल्सियस रहा। इस महीने यह 1991-2020 के नवंबर के औसत तापमान से 0.73 डिग्री सैल्सियस अधिक है।

कोपरनिकस के अनुसार नवंबर में वैश्विक तापमान में एक और बड़ी बात नजर आई जिसमें तापमान पूर्व-औद्योगिक युग के स्तर से 1.62 डिग्री सैल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

एजैंसी ने कहा कि यह पिछले 17 महीनों में 16वां ऐसा महीना था जब वैश्विक तापमान पूर्व-औद्योगिक युग स्तर से 1.5 डिग्री सैल्सियस अधिक हो गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, भारत ने 1901 के बाद से दूसरे सबसे गर्म नवंबर महीने का अनुभव किया, जिसमें औसत अधिकतम तापमान 29.37 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया और यह सामान्य से 0.62 डिग्री सैल्सियस अधिक है। इस साल अब तक (जनवरी से नवंबर तक) वैश्विक औसत तापमान विसंगति 1991- 2020 के औसत से 0.72 डिग्री सैल्सियस अधिक है, जो इस अवधि संबंधी रिकॉर्ड में सबसे अधिक है और 2023 में इसी अवधि की तुलना में 0.14 डिग्री सैल्सियस अधिक गर्म है।

यूरोपीय जलवायु एजैंसी ने कहा कि यह लगभग तय है कि 2024 रिकॉर्ड पर सबसे गर्म वर्ष होगा, जिसमें वार्षिक तापमान पूर्व-औद्योगिक युग स्तरों से 1.5 डिग्री सैल्सियस अधिक होगा। अब तक का सबसे गर्म वर्ष 2023 है जिसमें तापमान पूर्व-औद्योगिक स्तरों से 1.48 डिग्री सैल्सियस अधिक था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें