Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

TECH EXPLAINED: ये छोटी-सी फाइल आपके फोन के लिए है बड़ा खतरा, कैसे बचाएं अपना फोन

December 28, 2025

TECH EXPLAINED: ये छोटी-सी फाइल आपके फोन के लिए है बड़ा खतरा, कैसे बचाएं अपना फोन

 TECH EXPLAINED: आज के दौर में स्मार्टफोन सिर्फ कॉल या मैसेज तक सीमित नहीं रह गया है। हमारी बैंकिंग डिटेल, निजी तस्वीरें, सोशल मीडिया अकाउंट और ऑफिस का अहम डेटा सब कुछ मोबाइल में ही होता है। ऐसे में अगर फोन की सुरक्षा में जरा-सी भी चूक हो जाए, तो नुकसान बहुत भारी पड़ सकता है। इसी खतरे से जुड़ा एक नाम APK फाइल है। अक्सर लोग बिना ज्यादा सोचे-समझे APK फाइल डाउनलोड कर लेते हैं, लेकिन यही आदत आपके फोन को हैकर्स के लिए आसान शिकार बना सकती है।

APK का मतलब क्या है?

APK का पूरा नाम Android Package Kit है। यह एंड्रॉयड ऐप्स की इंस्टॉलेशन फाइल होती है। जैसे कंप्यूटर में किसी सॉफ्टवेयर को इंस्टॉल करने के लिए .exe फाइल इस्तेमाल होती है, वैसे ही एंड्रॉयड फोन में ऐप इंस्टॉल करने के लिए APK फाइल काम करती है।

जब आप Google Play Store से कोई ऐप डाउनलोड करते हैं, तब भी APK ही इंस्टॉल होती है। फर्क बस इतना है कि Play Store इन फाइल्स को पहले सिक्योरिटी चेक से गुजारता है, जिससे खतरा कम हो जाता है।

लोग APK फाइल क्यों डाउनलोड करते हैं?

अक्सर यूज़र APK फाइल इसलिए डाउनलोड करते हैं क्योंकि कोई ऐप Play Store पर उपलब्ध नहीं होता।

ऐप का पुराना या नया वर्ज़न चाहिए।

पेड ऐप को फ्री में चलाने की चाह होती है।

किसी फीचर को सबसे पहले ट्राय करना चाहते हैं।

यहीं से असली खतरा शुरू होता है, क्योंकि Play Store के बाहर से आने वाली APK फाइल्स पर गूगल की सुरक्षा जांच लागू नहीं होती।

APK फाइल कैसे बन सकती है खतरनाक?

हर APK फाइल नुकसानदेह नहीं होती, लेकिन अनजान या फर्जी सोर्स से आई फाइल में छुपा मैलवेयर आपके फोन को पूरी तरह कंट्रोल में ले सकता है. कई बार ऐप दिखने में बिल्कुल असली लगता है, लेकिन बैकग्राउंड में खतरनाक कोड काम कर रहा होता है.

ऐसी फाइल्स के जरिए बैंकिंग डिटेल चोरी हो सकती है।

OTP और पासवर्ड लीक हो सकते हैं।

फोटो और वीडियो बाहर भेजे जा सकते हैं।

फोन से अपने आप महंगे SMS जा सकते हैं।

कैमरा और माइक्रोफोन तक चोरी-छिपे पहुंच बनाई जा सकती है।

यानी एक छोटी-सी APK फाइल आपकी पूरी डिजिटल दुनिया को खतरे में डाल सकती है।

“Unknown Sources” सेटिंग क्यों है रिस्की?

जब आप APK इंस्टॉल करते हैं, तो फोन “Unknown Sources” या “Install Unknown Apps” की परमिशन मांगता है. इसे ऑन करते ही फोन बाहरी फाइल्स को इंस्टॉल करने देता है.

समस्या तब होती है जब

यूज़र परमिशन देने के बाद उसे बंद नहीं करता

किसी फर्जी लिंक से APK अपने आप डाउनलोड हो जाती है

गलती से यूज़र उस फाइल को इंस्टॉल कर लेता है

यही लापरवाही फोन को हैकर्स के लिए खुला दरवाज़ा बना देती है.

नकली APK की पहचान कैसे करें?

कुछ संकेत ऐसे हैं जो आपको सतर्क कर सकते हैं. जैसे अगर कोई ऐप

जरूरत से ज्यादा परमिशन मांगे

इंस्टॉल होते ही फोन स्लो कर दे

अपने आप अनजान ऐड्स दिखाने लगे

बैटरी या डेटा तेजी से खत्म करने लगे

तो समझ जाना चाहिए कि कुछ गड़बड़ है.

MOD APK क्यों सबसे ज्यादा खतरनाक?

आजकल इंटरनेट पर MOD APK तेजी से फैल रहे हैं. इनमें पेड फीचर्स फ्री कर दिए जाते हैं या विज्ञापन हटा दिए जाते हैं। ये फायदे के सौदे जैसे लगते हैं, लेकिन असल में सबसे बड़ा जोखिम होते हैं। क्योंकि इन्हें किसी अनजान व्यक्ति ने बदला होता है, इनमें मैलवेयर या स्पाइवेयर छुपा हो सकता है और डेवलपर की तरफ से कोई सुरक्षा अपडेट भी नहीं मिलता।

ये भी पढ़ें: Himachal News: पर्यटकों को मिलेगी राहत, कालका-शिमला रेल पर हॉलीडे स्पेशल ट्रेनें शुरू

सुरक्षित रहने के आसान तरीके

फोन को सुरक्षित रखने के लिए इन बातों का ध्यान रखें: APK सिर्फ भरोसेमंद और ऑफिशियल सोर्स से ही डाउनलोड करें।

इंस्टॉल के बाद “Unknown Sources” की परमिशन बंद कर दें।

फोन में सिक्योरिटी या एंटीवायरस ऐप रखें।

ऐप की परमिशन ध्यान से पढ़ें।

अनजान ऐप दिखे तो तुरंत हटाएं।

क्या APK को पूरी तरह बंद किया जा सकता है?

नहीं, APK एंड्रॉयड सिस्टम का जरूरी हिस्सा है. लेकिन कंट्रोल आपके हाथ में होता है. अगर आप सिर्फ Play Store से ऐप डाउनलोड करते हैं, तो खतरा काफी हद तक कम हो जाता है.

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें