
शिमला HRTC : राजधानी शिमला में नवरात्रों की रौनक धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। देवी मां के दरबारों को आकर्षक सजावट से संवारने का काम शुरू हो गया है। शहर के मंदिरों में विशेष साफ-सफाई और फूलों की सजावट की जा रही है। खासकर शक्तिपीठ तारादेवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए इस बार हिमाचल पथ परिवहन निगम ने अतिरिक्त बस सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया है।
लोकल बस अड्डा इंचार्ज शाम लाल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नवरात्रों के उपलक्ष्य में तारादेवी मंदिर के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि सुबह 9:15 से बसें चलनी शुरू हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस बार यात्रियों की सुविधा के लिए टूटू-शोघी से भी दो-दो अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी, ताकि जनता को लाभ पहुंचाया जा सके, ये बसें सुबह से शाम तक चलती रहेंगी।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस बार शारदीय नवरात्रे 22 सितंबर से प्रारंभ होकर 2 अक्तूबर तक चलेंगे। इन नौ दिनों में देवी मंदिरों में सुबह से शाम तक भक्तों का तांता लगा रहेगा। शिमला और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मां के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचेंगे। एचआरटीसी अधिकारियों ने बताया कि तारादेवी मंदिर मार्ग पर श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए विशेष बसें चलाई जाएंगी। इन बसों का संचालन सुबह से देर रात तक किया जाएगा ताकि किसी भी भक्त को आने-जाने में दिक्कत न हो।
वहीं, नवरात्रों को लेकर शिमला शहर के मंदिरों के बाहर भी हलचल बढ़ गई है। मंदिरों के बाहर चुनरी, नारियल, श्रृंगार सामग्री और पूजन सामग्री की दुकानें सजने लगी हैं। ढली, संजौली, लक्कड़ बाजार और मॉल रोड के दुकानदार भी मां के भक्तों के स्वागत के लिए तैयारियां कर रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन ने भी भीड़भाड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात के प्रबंध करने शुरू कर दिए हैं। पुलिस और होमगार्ड के जवान प्रमुख मंदिरों पर तैनात किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष पाकिर्ंग और पानी की व्यवस्था भी की जाएगी। भक्तों में नवरात्रों को लेकर गहरा उत्साह है और हर कोई मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बनाने की तैयारी कर रहा है।