भिवानी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) देने के इच्छुकों के लिए राहत भरी खबर है कि इसकी नई तारीखों का ऐलान हो गया है। पहले ये परीक्षा 13 और 14 जून को होनी थी। बोर्ड ने इन्हें किन्ही अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया था। अब ये परीक्षा 4 और 5 जुलाई को होगी।
अभ्यर्थियों को था एडमिट कार्ड का इंतजार
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) के अध्यक्ष शंकर लाल ने नई परीक्षा तिथियों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि परीक्षा को सुचारू रूप से आयोजित कराने और जरूरी व्यवस्थाओं को पूरा करने के लिए तारीखों में बदलाव किया है। बोर्ड जल्द ही संशोधित परीक्षा शेड्यूल और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी भी जारी करेगा। परीक्षा स्थगित होने की खबर से पहले कई अभ्यर्थियों में निराशा देखने को मिली थी। बड़ी संख्या में छात्र लंबे समय से HTET की तैयारी कर रहे थे और एडमिट कार्ड जारी होने का इंतजार कर रहे थे।
छात्र बोले- मिल गया अतिरिक्त समय
कुछ उम्मीदवारों ने सोशल मीडिया पर कहा कि परीक्षा आगे बढ़ने से उन्हें तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। वहीं, कई छात्रों ने इसे परेशानी बढ़ाने वाला फैसला बताया। दूर-दराज के जिलों से आने वाले कई अभ्यर्थियों ने पहले ही यात्रा और रहने की व्यवस्था कर ली थी। ऐसे में अचानक परीक्षा स्थगित होने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, अब नई तारीखों की घोषणा के बाद उम्मीदवारों में फिर से तैयारी को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा राज्य में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है।
वेबसाइट पर नजर रखने की सलाह
इस परीक्षा के माध्यम से प्राथमिक शिक्षक PRT प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक TGT और प्रवक्ता PGT पदों के लिए पात्रता तय की जाती है। हर साल लाखों उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होते हैं। बोर्ड की ओर से अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी सभी नई अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट और नोटिस पर नजर बनाए रखें । साथ ही उम्मीदवारों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
Also Read :

