Site icon Dainik Savera Times

धनबाद में 3 ठिकानों पर NIA की रेड में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

Huge amount of explosives recovered

Huge amount of explosives recovered

धनबाद : नेशनल इन्वेस्टिगेटिंग एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को झारखंड के धनबाद जिले में निरसा और चिरकुंडा इलाके में तीन ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक बरामद किया है। एजेंसी ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ चल रही है।

सूत्रों के अनुसार, धनबाद कोयला क्षेत्र से देश के कई हिस्सों में अवैध रूप से विस्फोटकों की सप्लाई और कारोबार की सूचना मिलने के बाद केंद्रीय जांच एजेंसी की कोलकाता इकाई ने यह कार्रवाई की है। कालूबथान ओपी अंतर्गत बोरिया गांव में सुनसान स्थान पर निर्मित एक घर से 50 पेटियों में रखे गए सैकड़ों किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट के अलावा विस्फोट में इस्तेमाल की जाने वाली जिलेटिन की छड़ें बड़ी संख्या में बरामद की गई हैं।

कनेक्शन की जांच की जाएगी

एनआईए टीम ने चिरकुंडा नगर पंचायत के लायकडीह निवासी अमरजीत शर्मा के आवास पर भी रेड डाली है। यहां अमरजीत के भाई संजय को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि अमरजीत ने गोदाम में मुर्गा फार्म खोला था। करीब पांच वर्ष पहले आंधी-तूफान में गोदाम का एस्बेस्टस शीट उड़ गया था।

उसके बाद से गोदाम में किस तरह की गतिविधियां संचालित हो रही थीं, ग्रामीणों को इसकी कोई जानकारी नहीं है। एनआईए की टीम ने बताया कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला है। विस्फोटकों का अवैध कारोबार करने वालों के तार देश के कई इलाकों और गिरोहों से जुड़े हो सकते हैं। देश विरोधी तत्वों से इनके कनेक्शन की जांच की जाएगी। छापेमारी के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही।

केंद्रीय एजेंसी और पुलिस अमरजीत शर्मा की तलाश कर रही है। छापेमारी की भनक मिलते ही वह फरार हो गया है। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम इलाके में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और पुलिस ने हाल के महीनों में भारी मात्र में विस्फोटक बरामद किए हैं। इसकी भी जांच होगी कि नक्सलियों के ठिकाने से जिन विस्फोटकों की बरामदगी हो रही है, उसकी सप्लाई कहीं धनबाद के इन्हीं ठिकानों से तो नहीं की जा रही थी।

Exit mobile version