Site icon Dainik Savera Times

पत्नी की हत्या कर पति हुआ फरार, 6 दिन पहले ही साथ रहने ग्रेटर नोएडा आई थी महिला

ग्रेटर नोएडाः ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना इलाके में मंगलवार को एक महिला का शव बरामद हुआ। महिला के हत्या की खबर पुलिस को उसके मकान मालिक ने दी। बताया जा रहा है कि छह दिन पहले ही महिला अपने पति के संग नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहने आई थी। महिला की हत्या के बाद पति मोबाइल बंद करके फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इटावा निवासी रचना कुमारी (22) की हत्या कर दी गई। पुलिस को शक है कि रचना के पति आगरा निवासी तेजेंद्र ने ही उसकी हत्या की है और फरार हो गया है।

तेजेंद्र का विवाह तीन साल पहले हुआ था। छह दिन पहले ही वह तुगलकपुर स्थित वीरम सिंह के मकान में किराए पर रहने आया था। तेजेंद्र पत्नी रचना को भी साथ लेकर आया था। संभावना है कि वह रोजगार की तलाश में ग्रेटर नोएडा आया था। मंगलवार शाम लगभग छह बजे मकान मालिक वीरम सिंह ने महिला की हत्या की सूचना पुलिस को दी।

रचना का शव उसके कमरे में पड़ा मिला था जबकि उसका पति मौजूद नहीं था। उसके गले पर निशान था जिससे पता चल रहा था की उसकी गला दबा कर हत्या की गई है। फिलहाल इस मामले में एफएसएल की टीम ने भी निरीक्षण किया है। पुलिस ने टीम का गठन किया है जो मामले को सुलझाने में लगी हुई है और पति को तलाश रही है।

Exit mobile version