Husband and wife commit suicide : रेवाड़ी। धारूहेड़ा क्षेत्र में शनिवार रात एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं। गांव राजपुरा आलमगीर में पति-पत्नी ने अपने ही घर की छत पर बने कमरे में फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। सुबह जब यह दर्दनाक मंजर सामने आया तो पूरे गांव में मातम पसर गया।
लाइट जली तो सामने था दिल दहला देने वाला मंजर
50 वर्षीय अशोक कुमार और उनकी 48 वर्षीय पत्नी नीलम की एक साथ हुई मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया। अशोक कुमार अपने परिवार के साथ रहते थे, लेकिन वह अपनी पत्नी के साथ मकान की छत पर बने कमरे में अलग रहते थे। शनिवार रात करीब साढे आठ बजे उनका बेटा कंपनी में ड्यूटी करने के बाद घर लौटा। वह जब अपने माता-पिता से मिलने के लिए छत पर बने कमरे में पहुंचा तो वहां अंधेरा था। जैसे ही उसने कमरे की लाइट जलाई, अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए।
बेटे ने देखा तो मच गई चीख-पुकार
कमरे में दोनों पति-पत्नी पंखे से फंदा लगाकर लटके हुए थे। यह नजारा देखते ही बेटे ने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया गया। बताया जा रहा है कि मृतक अशोक कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
दो बेटों और बेटी को छोड़ गए माता-पिता
दंपति के दो बेटे और एक बेटी हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों व स्वजन से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके। धारूहेड़ा थाना के प्रभारी कबूल सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्व्जन को सौंप दिए है। रिपोर्ट आने और स्वजन के बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल सामान्य कार्रवाई की गई है।
Also Read

