Big theft of Rs 12 crore in Telangana: तेलंगाना के साइबराबाद क्षेत्र में हुई करीब 12 करोड़ रुपये की बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक पति-पत्नी और उनकी साली को गिरफ्तार किया गया है। तीनों पर आरोप है कि उन्होंने जिस घर में नौकर बनकर काम किया, वहीं से करोड़ों रुपये के सोने-चांदी और नकदी की चोरी की और नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, गाचीबाउली इलाके में रहने वाला एक संपन्न परिवार अपने घर के कामकाज के लिए नौकरों की तलाश में था। इसी दौरान नेपाल से आए कमल, उसकी पत्नी विमला और उसकी साली कल्पना को घर में काम पर रखा गया। शुरुआत में तीनों ने पूरी ईमानदारी और लगन से काम किया, जिससे परिवार का उन पर भरोसा बढ़ता गया।
7 किलो सोना, 1 किलो चांदी चोरी
समय के साथ ये तीनों घर के सदस्यों की दिनचर्या, आने-जाने का समय और घर में रखी कीमती चीजों की जानकारी हासिल करने लगे। परिवार को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि जिन लोगों पर वे भरोसा कर रहे हैं, वही उनके साथ इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देंगे। बताया जा रहा है कि एक दिन घर के मालिक अपने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। घर में केवल ये तीनों मौजूद थे।
इसी मौके का फायदा उठाकर उन्होंने घर में रखे करीब के गहने, 1 किलो चांदी और नकदी चोरी कर ली। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है। चोरी करने के बाद तीनों आरोपी अचानक फरार हो गए। जब परिवार घर लौटा तो उन्हें चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
रामपुर में दबोचे गए तीनो चोर
तेलंगाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया। जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनसे पता चला कि आरोपी नेपाल भागने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद तेलंगाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के रामपुर पुलिस प्रशासन से संपर्क किया और संयुक्त अभियान चलाया गया।
रामपुर में चेकिंग के दौरान पुलिस ने कमल, विमला और कल्पना को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से लगभग 7 किलो सोना, 1 किलो चांदी और करीब 25 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि यह सारा सामान उसी घर से चोरी किया गया था, जहां वे नौकरी करते थे।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना का बयान
रामपुर के पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने बताया कि यह कार्रवाई तेलंगाना और रामपुर पुलिस के संयुक्त प्रयास का परिणाम है। दोनों राज्यों की पुलिस लगातार जानकारी साझा कर रही थी, जिसके चलते आरोपियों को समय रहते पकड़ लिया गया।फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस चोरी में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
पुलिस नेपाल के अधिकारियों से भी संपर्क करने की तैयारी कर रही है, ताकि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और पिछले मामलों की जानकारी जुटाई जा सके। इस घटना ने एक बार फिर यह दिखाया है कि घरेलू कर्मचारियों को नियुक्त करते समय पूरी जांच-पड़ताल और सत्यापन कराना कितना जरूरी है। भरोसे का गलत फायदा उठाकर की गई इस बड़ी चोरी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

