नई दिल्ली: मजदूर दिवस के दिन केंद्र सरकार ने लोगों को महंगाई का बड़ा झटका दिया है। सरकार ने कमर्शियल गैस सिलेंडर और 5 किलो का FTL (फ्री ट्रेड LPG) सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। इसी बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गैंस सिलेंडर महंगा होने के बाद केंद्र पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मैंने पहले ही कह दिया था, चुनाव के बाद महंगाई की गर्मी आएगी।
पहला वार गैस पर, अगला वार पेट्रोल-डीज़ल पर: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, ”मैंने पहले ही कह दिया था- चुनाव के बाद महंगाई की गर्मी आएगी। आज कमर्शियल गैस सिलेंडर 993 रुपए की बढोतरी की गई है। एक दिन में यह सबसे बड़ी बढ़ोतरी है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह चुनावी बिल है। फरवरी से अब तक 1,380 की बढ़ोतरी हुई है वो भी सिर्फ 3 महीनों में 81% का इजाफा। राहुल गांधी ने कहा, ”इस फैसले से चायवाला, ढाबा, होटल, बेकरी, हलवाई – हर किसी की रसोई पर बोझ बढ़ गया है, और इसका असर आपकी थाली पर भी पड़ेगा।” कांग्रेस सांसद ने कहा कि पहला वार गैस पर किया गया है और अगला वार पेट्रोल-डीज़ल पर होगा।
कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 993 रुपए का इजाफा
बता दें कि, तेल विपणन कंपनियों की ओर से शुक्रवार को 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 993 रुपए का इजाफा किया गया है। इससे राष्ट्रीय राजधानी में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3,071.5 रुपए हो गई है। इसकी वजह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा की कीमतों में इजाफा होना है। कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने का सीधा असर रेस्टोरेंट, होटल, बेकरी और अन्य छोटे-बड़े बिजनेस पर पड़ेगा।
इसके अलावा, 5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी 261 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद इस सिलेंडर की कीमत 1754.5 रुपए हो गई है। यह कीमत तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है।

