नई दिल्ली : भारत के 2 दिवसीय दौरे पर आईं कनाडा की विदेश मंत्री अनिता आनंद ने भारत-कनाडा संबंधों में हुई प्रगति पर संतोष जताया। उन्होंने बुधवार को कहा कि दोनों देश व्यापार वार्ता आगे बढ़ाने के साथ ऊर्जा, नवाचार और सुरक्षा के क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार कर रहे हैं।
अनिता आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तस्वीर साझा करते हुए कहा कि ठीक एक साल पहले उन्होंने नई दिल्ली में भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात कर दोनों देशों के संबंधों के लिए संयुक्त रोडमैप तैयार करने की दिशा में कदम उठाया था।
उन्होंने कहा कि अब वापस लौटकर दोनों देशों के बीच हुई प्रगति देखकर उत्साह हो रहा है। उन्होंने कहा कि बदलती अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के बीच भारत और कनाडा के मजबूत होते संबंध भविष्य की समृद्धि को आकार देने और स्वतंत्र, खुले तथा समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र में योगदान देने का अवसर प्रदान करते हैं। दोनों देशों के बीच सहयोग का वास्तविक महत्व इस बात में है कि वे मिलकर क्या हासिल कर सकते हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि जून 2025 के बाद अनिता आनंद की यह भारत की तीसरी यात्रा है। उन्होंने कहा कि यह दौरा दोनों देशों के बीच जारी उच्चस्तरीय संवाद और संबंधों में सकारात्मक प्रगति को दर्शाता है। यात्रा के दौरान दोनों पक्ष हाल के दिनों में हुई प्रगति को आगे बढ़ाने, द्विपक्षीय साझेदारी मजबूत करने और आपसी हितों के मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।

