रेजिनगर (पश्चिम बंगाल) : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि वह ममता बनर्जी की तरह ‘कमजोर और डरपोक’ मुख्यमंत्री नहीं हैं। उन्होंने जोर दिया कि वह निर्वाचित प्रतिनिधियों की ऐसी गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे जिनसे सांप्रदायिक तनाव भड़क सकता है। शुभेंदु अधिकारी आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर का जिक्र कर रहे थे, जिन्होंने हाल ही में कुछ ‘भड़काऊ’ टिप्पणियां की थीं। मुर्शिदाबाद जिले की रेजिनगर सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले भाजपा की एक रैली को संबोधित करते हुए अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को ‘कमजोर और डरपोक’ करार देते हुए कहा कि ऐसे ‘गैर-जिम्मेदाराना कृत्यों’ के प्रति उनकी प्रतिक्रिया बिल्कुल विपरीत होगी। चुनाव कार्यक्रम की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है।
मैं ममता बनर्जी की तरह ‘कमजोर, डरपोक’ मुख्यमंत्री नहीं हूं : शुभेंदु अधिकारी

