Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

नायडू के खिलाफ मेरे मन में नहीं है कोई द्वेष : Jagan Mohan Reddy

October 9, 2023

नायडू के खिलाफ मेरे मन में नहीं है कोई द्वेष : Jagan Mohan Reddy
विजयवाड़ाः आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने सोमवार को कहा कि तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी से उनका कोई लेना-देना नहीं है और उनके मन में नायडू के खिलाफ कोई द्वेष नहीं है। रेड्डी ने दावा किया कि केंद्रीय जांच एजेंसियों प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर (आईटी) विभाग ने पूर्व मुख्यमंत्री नायडू के खिलाफ आरोपों की जांच की और बाद में गिरफ्तारी की। उन्होंने कहा कि आईटी विभाग ने उन्हें (तेदेपा प्रमुख को) नोटिस भी भेजा था।
वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के नेताओं की एक बैठक में उन्होंने कहा, कि प्रतिशोध के कारण किसी ने चंद्रबाबू नायडू को गिरफ्तार नहीं किया। मेरे मन में नायडू के खिलाफ कोई द्वेष नहीं है। मेरा गिरफ्तारी से कोई लेना-देना नहीं है। यह (गिरफ्तारी) उस समय की गई जब मैं भारत में नहीं था। इसके अलावा, रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खुद नायडू के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।
उन्होंने कहा कि जब नायडू मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने सीबीआई, ईडी और आईटी विभाग को राज्य में प्रवेश करने से रोक दिया था।मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सबके बावजूद कुछ मीडिया घराने और लोगों का एक वर्ग मांग कर रहा है कि नायडू से न तो पूछताछ की जानी चाहिए और न ही उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। नायडू फिलहाल कौशल विकास निगम के धन के कथित दुरुपयोग मामले में राजामहेंद्रवरम केंद्रीय जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। आरोप है कि इस कथित घोटाले में राज्य के खजाने को 300 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें